नहीं लूट पाये, तो मार दी थी गोली, तीन गिरफ्तार

सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने किया उद्भेन सहरसा : सौरबाजार थाना क्षेत्र के सपहा निवासी संजय साह की हत्या लूट में विफल रहने पर अपराधियों ने की थी. इसका खुलासा सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सहरसा बस्ती निवासी मो खालिद उर्फ पिंटू, मो मासूम व मो औरंगजेब […]

सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने किया उद्भेन

सहरसा : सौरबाजार थाना क्षेत्र के सपहा निवासी संजय साह की हत्या लूट में विफल रहने पर अपराधियों ने की थी. इसका खुलासा सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सहरसा बस्ती निवासी मो खालिद उर्फ पिंटू, मो मासूम व मो औरंगजेब की गिरफ्तारी के बाद हुआ है. वहीं घटना में शामिल तीन अन्य बदमाश फरार है. जिसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. सदर थाना में मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार युवकों के अलावा आठ से दस युवक सहरसा बस्ती पोखर में मछली मार रहे थे. इसी दौरान इनलोगों ने अहले सुबह सहरसा-बैजनाथपुर मुख्य मार्ग पर लूट की योजना बनायी.
जिसके बाद दो बाइक पर छह युवक सवार होकर मुख्य सड़क पर पहुंचे और राहगीर पर नजर बनाये हुए थे. इसी दौरान इनलोगों की नजर सहरसा की तरफ से बाइक से जा रहे संजय साह पर पड़ी. अपराधियों ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह सड़क के दाहिने होकर भागने का प्रयास किया. जिसके बाद इन लोगों ने उसका पीछा भी किया. असफल रहने पर गोली चला दी. जो संजय साह को लगी तो वह गिर गये. गिरने के बाद अत्यधिक रक्तस्त्राव होते देख सभी दोनों बाइकों पर सवार होकर भाग गये.
पुलिस को देख फरार हुए अपराधी : एसडीपीओ ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद छह अपराधी दोनों बाइकों पर सवार होकर वहां से निकल गये. इसी दौरान इनलोगों की नजर पुलिस पर पड़ी. पुलिस को देख एक बाइक सहरसा बस्ती गाछी की तरफ भाग गया. वहीं एक बाइक पर सवार तीन अपराधी सर्वा ढ़ाला की तरफ चले गये. पुलिस द्वारा पीछा करने पर सर्वा ढ़ाला के समीप तीनों अपराधी बाइक छोड़ भागने लगा. इसी दौरान हथियार भी गिर गया. जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया.
एसडीपीओ ने बताया कि जिसके बाद जाम व प्रदर्शन के कारण कुछ परेशानी हुई. जिसका फायदा उठा कर सभी अपराधी इधर उधर भाग गये. घटना के बाद पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर पीछा करना कारगर रहा और जवानों के बताये हुलिया पर इनलोगों की खोज की जाने लगी तो मो खालिद पुलिस के हत्थे चढ़ा. खालिद ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते अन्य अपराधियों की जानकारी दी.
पिस्तौल की होगी जांच : घटना के कुछ देर बाद सर्वा ढ़ाला के समीप से सदर थाना पुलिस द्वारा लावारिश स्थिति में बरामद किये गये पिस्तौल की जांच फोरेंसिक लैब भेजी जायेगी. सदर थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर में लगी गोली इस हथियार से चली या नहीं की जांच की जायेगी. वहीं बाइक चोरी की है. बाइक मार्च माह में ही प्रोफेसर कॉलोनी निवासी मो शकील अहमद की हुई थी. जिसको भी अंजाम इन्हीं लोगों के द्वारा दी गयी थी. उन्होंने बताया कि हत्या के अलावे कई घटनाओं में इनलोगों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. वहीं पूर्व से भी कई पर अपराधिक मामला दर्ज है.
धारा 396 में होगी कार्रवाई : एसडीपीओ ने कहा कि मामला में आइपीसी की धारा 396 के तहत कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि इसके तहत पांच या अधिक व्यक्तियों में से, जो संयुक्त होकर डकैती कर रहे हों. कोई एक व्यक्ति इस प्रकार डकैती करते हुए हत्या कर देगा, तो उन व्यक्तियों में से हर व्यक्ति को मृत्युदंड या आजीवन कारावास, या किसी एक अवधि के लिए कठिन कारावास जिसे दस वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है से न्यायालय द्वारा दंडित किया जायेगा. साथ ही सभी आर्थिक दंड के लिए भी उत्तरदायी होंगे. यह अपराध समझौता करने योग्य नहीं है.
टीम में थे शामिल
घटना के बाद ही एसपी अश्विनी कुमार ने सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में सदर थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, सोनवर्षा कचहरी थानाध्यक्ष शैलेंद्र मिश्रा, नवहट्टा थानाध्यक्ष द्रवेश कुमार, बिहरा थानाध्यक्ष सुमन कुमार, बनगांव थानाध्यक्ष मो सरवर आलम, टेक्निकल सेल प्रभारी मंगलेश मधुकर, बैजनाथपुर शिविर प्रभारी शंभुनाथ सिंह शामिल थे.
परिजनों के आंख से छलके आंसू
हत्यारे की गिरफ्तारी की सूचना पर संजय साह का छोटा भाई व भांजा रमण कुमार सदर थाना पहुंचे थे. जैसे ही सदर थानाध्यक्ष के वेश्म में अपराधियों को लाया गया. दोनों की आंख से आंसू छलक गये. दोनों ने एसडीपीओ व अन्य अधिकारियों को धन्यवाद देते कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की. परिजनों ने कहा कि घटना के बाद लोग कुछ आक्रोशित हो गये थे. लेकिन एसडीपीओ ने कहा था कि जाम के कारण सभी इधर हैं. जिसका लाभ अपराधी उठायेगा.
उन्होंने कहा था कि यदि आपलोग शांत रहेंगे तो पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी में जायेगी और उन्होंने जल्द ही उद्भेन करने का आश्वासन दिया था. परिजनों ने अन्य को भी गिरफ्तार करने की मांग की. एसडीपीओ ने परिजनों को सख्त से सख्त कार्रवाई करने व अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद स्पीडी ट्रायल करा सजा दिलाने का आश्वासन दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >