आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, सनसनी

आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, सनसनी

सदर थाना क्षेत्र के नगर निगम वार्ड नंबर 2 की घटना मधेपुरा की एक युवती से चल रहा था शादीशुदा आकाश का प्रेम प्रसंग सहरसा. सदर थाना क्षेत्र के नगर निगम वार्ड नंबर 2 स्थित गौरवगढ़ पासवान टोला में शुक्रवार की अहले सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव घर के समीप आम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गयी. मृतक की पहचान वार्ड नंबर 2 निवासी नंदन पासवान के 25 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार उर्फ डोमी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है व मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. छोटे-छोटे बच्चों का पिता था आकाश. परिजनों ने बताया कि आकाश कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी. आकाश शादी शुदा था व छोटे-छोटे बच्चे थे. वह मधेपुरा जिले में एक डेयरी फार्म में काम करता था. कुछ दिन पहले ही आकाश ने मैजिक गाड़ी निकाला था. जिसे वह डेयरी फार्म में भाड़े पर चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. शुक्रवार की सुबह जब परिवार के सदस्य घर के पीछे की ओर गये तो आम के पेड़ में आकाश का शव लटका हुआ देखा. यह देख कर परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. लोगों ने घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. एक युवती से चल रहा था प्रेम प्रसंग परिजनों ने बताया कि आकाश का मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र की एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. कुछ दिन पहले आकाश युवती को लेकर फरार भी हो गया था. जिसके बाद युवती के परिजनों द्वारा ग्वालपाड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी थी. पुलिस के बढ़ते दबाव और सामाजिक तनाव के कारण आकाश मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था. बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ही आकाश ने युवती को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया था. इसके बाद से वह काफी तनाव में था. गुरुवार की शाम आकाश बाजार गया था और वहां से मिठाई खरीदकर लाया. परिवार के सभी सदस्यों को मिठाई खिलायी व सामान्य रूप से बातचीत कर रहा था. रात में सभी लोग सो गये और सुबह यह दर्दनाक घटना सामने आयी. घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया. सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि किन कारणों से युवक ने आत्महत्या की, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >