सहरसा : मंगलवार की रात चोरों ने एक साथ तीन दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देकर लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने बनगांव रोड स्थित मीर टोला चौक के पास चावल दुकान अन्नपूर्णा भंडार का छत का एस्बेस्टस तोड़ लगभग तीस हजार मूल्य का चावल, दस हजार नकदी की चोरी कर ली.
वहीं ठीक बगल में उर्वरक की दुकान में उग्रमाया इंटरप्राइजेज व फूड ग्रेन की दुकान कात्यायनी इंटरप्राइजेज का ताला तोड़ 22 लाख रुपये नकदी सहित दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर सेट व अन्य सामान की चोरी कर ली. हालांकि दुकान के मालिक किशोर कुमार व मनोज कुमार इस मामले में रुपये की चोरी होने की बाबत कुछ भी स्पष्ट बताने से परहेज कर रहे हैं. लेकिन पुलिस को दिये बयान में उन्होंने दुकान के गल्ले व लॉकर से 22 लाख नकदी चोरी होने की बात कही है. हालांकि चोरी को लेकर समाचार प्रेषण तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है, जिसका इंतजार पुलिस भी कर रही है.
मालूम हो कि सोमवार की रात कुछ दूरी पर ही राजेंद्र यादव के पशु आहार केंद्र में भी एस्बेस्टस काट चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था. वहीं बगल के एक चायपत्ती की दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है.
