सुपौल के लिटिल एंजल्स बोर्डिंग इंग्लिश स्कूल की घटना
छात्रावास में रह रहे बच्चों के साथ करते थे गलत हरकत
मधेपुरा निवासी पीड़ित बच्चे के अभिभावक ने की शिकायत
त्रिवेणीगंज : मुख्यालय स्थित चिलौनी नदी से पूरब संचालित एक निजी विद्यालय के छात्रावास में रह रहे बच्चों के साथ एक शिक्षक द्वारा गलत हरकत करने का मामला सामने आया है. इस मामले में मधेपुरा के लक्ष्मीनियां परसाही निवासी पीड़ित बच्चे के अभिभावक ने थाने को लिखित आवेदन दिया है. थाना पुलिस ने आवेदन के आलोक में कांड संख्या 327/17 दर्ज किया है. इधर गुरुवार को अभिभावकों की भीड़ ने लिटिल एंजल्स बोर्डिंग इंग्लिश स्कूल पहुंच कर मामले की जानकारी ली. साथ ही आरोपित शिक्षक सह व्यवस्थापक शिवशंकर सिंह को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया.
घटना के बाबत बताया जाता है कि शिक्षक सह व्यवस्थापक शिवशंकर सिंह रात को बच्चों से शरीर दबाने का काम करवाता था. साथ ही इस दौरान बच्चों से अश्लील हरकत भी करता था. इधर थाने में दर्ज प्राथमिकी में बच्चे के अभिभावक ने बताया है कि उनका पुत्र तीन माह
बच्चों के साथ…
से छात्रावास में रह रहा था. छात्र ने अपने पिता को सूचना दी कि उनके साथ शिक्षक गलत हरकत करते हैं. उनके साथ स्कूल पहुंचे अन्य परिजनों को छात्र ने बताया कि उसके साथ बीती रात शिक्षक शिवशंकर सिंह ने गलत हरकत की है. वहीं छात्रावास में रह रहे अन्य बच्चों ने बताया कि इस घटना की शिकायत उन्होंने प्राचार्य रवींद्र सिंह से की थी. लेकिन आरोपित शिक्षक प्राचार्य के बहनोई हैं इस कारण मामला को दरकिनार कर दिया गया. इधर थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित शिक्षक को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की तैयारी में जुटी है.
