बोले ओपी प्रभारी, चप्पल पहन कर जा रही थी, बेवजह मामले को दिया जा रहा है तूल
सोनवर्षाराज : काशनगर ओपी क्षेत्र के कोपा गांव स्थित भगवती मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंची महादलित महिला को खोंइछा भरने से रोकने तथा उसके साथ मारपीट करने व जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल कर मंदिर से भगा देने का एक मामला सामने आया है.
घटना के बाबत पीड़ित महिला रेणु देवी द्वारा महादलित थाना को एक आवेदन देकर उचित कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगायी गयी है.
दिये आवेदन में पीड़ित महिला ने कहा है कि बुधवार की रात अपने अन्य पड़ोसी महिलाओं के साथ गांव स्थित भगवती मंदिर में खोंइछा भरने गयी थी. जहां मंदिर में पहले से मौजूद गांव के ही सुरेंद्र मेहता, कारी साव, अरूण मेहता, प्रताप मेहता, बाबाजी महतो उर्फ राजेश, फूलचंद मेहता, संतोष केसरी, संतोष गुप्ता सहित कई अज्ञात व्यक्ति द्वारा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मंदिर से बाहर निकाल दिया गया.
पूछे जाने पर गाली गलौज व मारपीट करते हुए कहा कि किसी भी धोबी जाति के लोगों को मंदिर में घुसने नहीं दिया जायेगा. इस बाबत काशनगर ओपी प्रभारी श्रीकांत सिंह ने बताया कि इस मामले में पीड़ित महिला के साथ आयी एक महिला के पति पूर्व मुखिया अजय रजक चप्पल पहन कर मंदिर में प्रवेश कर रहे थे. जिसे रोके जाने पर मामले को तूल दिया गया है.
