देर रात पहुंची सीबीआइ की टीम सृजन मामले का लेगी चार्ज

सहरसा : सृजन घोटाला की जांच के लिए सीबीआइ की टीम शनिवार की देर रात सहरसा पहुंची. रविवार को टीम के सदस्यों ने समाहरणालय, सदर थाना सहित अन्य जगहों पर जाकर मामले की जानकारी ली. हालांकि सभी कार्रवाई गुपचुप तरीके से की गयी. किसी को भी कुछ नहीं बताया गया. मीडिया से भी दूरी बनाकर […]

सहरसा : सृजन घोटाला की जांच के लिए सीबीआइ की टीम शनिवार की देर रात सहरसा पहुंची. रविवार को टीम के सदस्यों ने समाहरणालय, सदर थाना सहित अन्य जगहों पर जाकर मामले की जानकारी ली. हालांकि सभी कार्रवाई गुपचुप तरीके से की गयी. किसी को भी कुछ नहीं बताया गया. मीडिया से भी दूरी बनाकर रखी गयी थी. समाहरणालय में आवश्यक जानकारी लेने के बाद टीम के सदस्य सदर थाना पहुंचे. जहां थानाध्यक्ष के शराब बरामदगी मामले में व्यस्त देख देर शाम आने की बात कह चले गये. जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम सदर थाना में दर्ज मामले का प्रभार ग्रहण करेंगे. जिले के वरीय अधिकारी भी किसी भी जानकारी से अनभिज्ञता जता रहे हैं.
मालूम हो कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर वरीय कोषागार पदाधिकारी राज कुमार ने सृजन महिला विकास समिति, भागलपुर की संचालिका मनोरमा देवी, बैंक ऑफ बड़ौदा सहरसा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक एवं अन्य सहयोगी, बैंक ऑफ बड़ौदा भागलपुर के तत्कालीन शाखा प्रबंधक एवं अन्य सहयोगी, विशेष भू अर्जन कार्यालय सहरसा के तत्कालीन पदाधिकारी जिनके हस्ताक्षर से राशि सृजन महिला विकास समिति के खाते में हस्तांतरित की गयी तथा रोकड़पाल एवं प्रधान सहायक पर सदर थाना में मामला दर्ज करवाया था.
कोसी योजना सहरसा के पदनाम से दो खाता है संधारित : भागलपुर में सृजन घोटाला सामने आने के बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने जांच के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा सहरसा में विशेष भू अर्जन पदाधिकारी सहरसा, कोसी योजना सहरसा के पदनाम से दो खाता संधारित पाया था. खाता संख्या 35880800001324 जो 27 फरवरी 2012 को खोला गया एवं 16 जुलाई 2013 को बंद कर दिया गया था. दूसरा खाता संख्या 35880200000068 जो 24 सितंबर 2012 को खोला गया एवं दिनांक 8 अप्रैल 2017 को बंद कर दिया गया था. इस खाते की अंतशेष की राशि दो करोड़ 26 लाख नब्बे हजार पांच सौ रुपये सरकारी खाते में जमा कर दी गयी. इसके अलावे बैंक ऑफ बड़ौदा भागलपुर की शाखा में दिनांक 14 फरवरी 2012 को एक अन्य बचत खाता संख्या 10010100012835 खोला गया. बैंक ऑफ बड़ौदा भागलपुर के शाखा के खाता संख्या 10010100012835 में चेक के द्वारा सृजन महिला विकास समिति के खाते में राशि हस्तांतरित हुई थी.
जानकारी के अनुसार चेक संख्या 565510, दिनांक 28 मार्च 2012 से 12 करोड़, चेक संख्या 565503, दिनांक 28 मार्च 2012 से 12 करोड़, चेक संख्या 565501, दिनांक 24 अप्रैल 2012 से दस करोड़, चेक संख्या 565505, दिनांक 24 अप्रैल 2012 से पांच करोड़, चेक संख्या 565502, दिनांक 16 जून 2012 को 50 करोड़, चेक संख्या 565516, दिनांक 05 सितंबर 2012 को 10 करोड़, चेक संख्या 565514, दिनांक 16 अप्रैल 2013 को 10 करोड़ व चेक संख्या 565518, दिनांक 29 जुलाई 2013 को 53 करोड़ 92 लाख 49 हजार 924 रुपये हस्तांतरित किये गये थे. जिसके बाद 01 फरवरी 2013 से खाता संख्या 35880200000068 एवं खाता संख्या 10010100012835 में वापस भी किया गया. जानकारी के अनुसार एक फरवरी 2013 को तीन करोड़, दो मई 2013 को एक करोड़, 15 जुलाई 2013 को चार करोड़, 29 जुलाई 2013 को अस्सी लाख, 20 मई 2014 को दो करोड़, 20 अप्रैल 2015 को 151 करोड़ 30 लाख 26 हजार 617 रुपये वापस किये गये. कुल 162 करोड़ 10 लाख 26 हजार 617 रुपये वापस हुए.
कार्यालय में बैंक ऑफ बड़ौदा भागलपुर का एक मात्र चेक बुक संधारित है. जिसका चेक नंबर 555001 से 555055 है. लेकिन भागलपुर स्थित यह खाता चेक बुक के अनुसार 26 जून 2013 को चेक काट कर बंद कर दिया गया था. कार्यालय में उपलब्ध अभिलेख के अनुसार 26 जून 2013 के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा भागलपुर का कोई चेक निर्गत नहीं हुआ था
सृजन महिला विकास समिति के खाते में जिन चेकों के माध्यम से राशि का हस्तांतरण हुआ है. उस नंबर का चेक या चेक बुक कार्यालय में संधारित नहीं है. कार्यालय में संधारित रोकड़ बही के अनुसार एक जुलाई 2017 को अंतशेष की राशि 221 करोड़ 18 लाख 45 हजार 904 रुपये 53 पैसा है. यह राशि एसबीआई सहरसा के खाता में दो करोड़ 78 लाख 98 हजार 744 रुपये 75 पैसा, एक्सिस बैंक सहरसा में चार करोड़ रुपये, यूबीजीबी बलूआहा शाखा में 640 लाख 17 हजार रुपये, पीडी एकाउंट में 215 करोड़ 39 लाख 88 हजार 485 रुपये हैं. रोकड़ बही के अनुसार सरकारी खाते में भू अर्जन की राशि यथावत है.
28 मार्च 2012 से 29 जुलाई 2013 की अवधि में निकासी की गयी 162 करोड़ की राशि किस आदेश से और किनके हस्ताक्षर से सृजन महिला विकास समिति भागलपुर के खाते में हस्तांतरित हुई, यह जांच का विषय है. इस मामले में सृजन महिला विकास समिति भागलपुर, बैंक ऑफ बड़ौदा सहरसा, बैंक ऑफ बड़ौदा भागलपुर तथा विशेष भू अर्जन कार्यालय सहरसा की क्या भूमिका है. राशि सृजन महिला विकास समिति के खाते में हस्तांतरण से लेकर राशि की वापसी की तिथि तक के सूद तथा बैंकों के द्वारा बचत खातों में दिये गये ब्याज की राशि का क्या हुआ जांच का विषय है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >