अपराध. बलवाहाट ओपी क्षेत्र के मोहनियां गांव की घटना
वर्चस्व की लड़ाई में चली गोली में मोहनियां गांव के समीप दिलीप यादव घायल हो गया. उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घायल ने बताया कि उस पर हमला एक अपराधी के इशारे पर किया गया है.
सहरसा : बलवाहाट ओपी क्षेत्र के मोहनियां गांव के समीप अपराधियों ने दिलीप यादव नाम के व्यक्ति को गोली मार कर जख्मी कर दिया. जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. जख्मी ने बताया कि वह घर से बरदुरवा चौक जा रहा था कि रास्ते में पोखर के समीप आधे दर्जन से अधिक हथियार से लेश अपराधियों ने गोली चला दी. जब तक वह कुछ समझ पाता अपराधी द्वारा चलायी गोली उसे लग गयी. वह किसी तरह भाग कर जान बचाया. उन्होंने कहा कि यह घटना एक अपराधी के इशारे पर की गयी है. वह अपना वर्चस्व जमाना चाहता है, जिसका विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया गया है.
परिजनों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुन ग्रामीण आये तो देखा कि वह जख्मी हालत में भाग रहा है. लोगों को आते देख सभी अपराधी भाग गये. जिसके बाद मामले की सूचना बलवाहाट ओपी प्रभारी मनोज सिंह को दी गयी. पुलिस वाहन से उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया. हालांकि समाचार लिखे जाने तक जख्मी का फर्द बयान नहीं हो पाया था.
