मिशन स्वच्छ बिहार. खुले में शौच करनेवाले का करेंगे सामाजिक बहिष्कार
भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ पर जिलाधिकारी ने स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. वहीं लोगों ूको खुले में शौच न करने का भी संकल्प दिलाया. साथ ही अपने आस पास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने व शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करने को भी कहा. मौके पर रंगकर्मियों ने भी नाटक के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया.
सहरसा : भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ पर स्वच्छ भारत मिशन की ओर एक कदम बढ़ाते हुए बुधवार को स्कूली बच्चे सहित जिले के लोगों ने स्वच्छता के संकल्प को एक बार फिर से दोहराया. स्थानीय स्टेडियम परिसर में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मिशन स्वच्छ बिहार के संकल्प को लेकर आयोजित कार्यक्रम के मौके पर डीएम विनोद सिंह गुंजियाल ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करते हुए अपने संबोधन में खुले में शौच करने वाले लोगों से दूरी बनाये रखने का संदेश देते हुए उनका सामाजिक बहिष्कार करने की बात कही.
कार्यक्रम में मौजूद स्कूली बच्चे, जीविका व आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका सहित जिले के आम लोगों को स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि हम सभी संकल्प लें कि हम अपने आस-पास स्वच्छता को बनाये रखेंगे. अपने घर आंगन को स्वच्छ रखने के साथ-साथ न तो खुले में शौच करेंगे, न ही किसी दूसरे को करने देंगे. उन्होंने कहा कि हमारी स्वच्छता ही हमारा दायित्व है. हम सब मिल कर अपने दायित्व के लिए प्रतिबद्ध हो शहर से लेकर गांव के घर आंगन को स्वच्छ बनाये रखने में अपनी महती भूमिका को निभाने का कार्य करें. तभी हम महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार कर पायेंगे.
स्कूली बच्चों ने भी स्वच्छता पर डाला प्रकाश: स्कूली बच्चों ने भी स्वच्छ भारत मिशन के सपनों को साकार करने के लिए अपनी बातों को रखा. स्थानीय बुद्धा पब्लिक स्कूल, राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, जिला स्कूल, पूरब बाजार राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, रूपवती कन्या उच्च विद्यालय, मनोहर हाइस्कूल के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता को लेकर महात्मा गांधी व प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिए स्वच्छता को आम लोगों का मिशन बताते हुए लोगों को खुले में शौच से दूर रहने व अपने आस-पड़ोस की सफाई पर प्रकाश डालते हुए गंदगी से होने वाली कई तरह की बीमारियों से दूर रहने की बात कही.
इस मौके पर जिला जल स्वच्छता समिति के जिला समन्वयक सोनम कुमारी ने स्वच्छता अभियान की जागरूकता को लेकर सरकार द्वारा संचालित शौचालय निर्माण के लिए प्रोत्साहन राशि दिये जाने सहित कई जानकारी लोगों को उपलब्ध कराया. स्वच्छता को लेकर उन्होंने जिला को स्वच्छ जिला बनाने की दिशा में जिले के लोगों से एक संकल्प के साथ सहयोग की अपील की.
डीएम ने स्वच्छता जागरूकता रथ को झंडी दिखा कर किया रवाना : शहर से लेकर हर घर गांव के आंगन तक स्वच्छता मिशन को लेकर डीएम विनोद सिंह गुंजियाल ने बुधवार को समाहरणालय परिसर से स्वच्छता जागरूकता रथ को झंडी दिखा कर रवाना किया. इस स्वच्छता जागरूकता रथ के माध्यम से हर प्रखंड के पंचायत व गांव-गांव में लोगों को मिशन स्वच्छ बिहार संदेश को लेकर आम लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के संदेश को चल चित्र के माध्यम से दिखाया जाता है.
ताकि गंदगी से होने वाली बीमारी व खुले में शौच से लोगों पर इसके प्रभाव को लेकर जागरूक किया जा सके. इस मौके पर डीडीसी शोभेंद्र चौधरी, ओएसडी अनिल पांडेय, डीआरडीए निदेशक रंजीत कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी निलाभ कृष्ण, वरीय उपसमाहर्ता किरण सिंह, आइटी मैनेजर लखिंद्र महतो मौजूद थे.
भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर स्टेडियम परिसर में आयोजित मिशन स्वच्छ भारत कार्यक्रम को लेकर स्थानीय पंचकोसी सांस्कृतिक मंच के सचिव अभय कुमार मनोज के नेतृत्व में वरिष्ठ रंगकर्मी अमित कुमार जयजय के निर्देशन में जमाना बदल गया नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति से स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए संदेश दिया.
खुले में शौच से मुक्ति, गंदगी से दूर रहने सहित अपने आस-पड़ोस को स्वच्छ बनाये रखने के लिए पंचकोसी के रंगकर्मी विकास भारती, चंदन कुमार, अमित अंशु, श्वेता कुमारी, मिथुन कुमार गुप्ता, अमित आनंद, खुशबू कुमारी, धीरज कुमार सिंह, सतोष मिश्रा ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से संदेश दिया. मौके पर जीविका दीदी मंजू देवी ने स्वच्छता पर आधारित गीतों को गाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया.
