सहरसा : वर्षों से जल निकासी की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों के दिन अब फिरने वाले हैं. बुडको द्वारा ड्रेनेज निर्माण के लिए कार्य एजेंसी लगभग तय कर ली गयी है. संभवत: गुरुवार से ड्रेनेज निर्माण की दिशा में कार्य प्रारंभ किया जा सकता है. बुडको प्रोजेक्ट मैनेजर देवेंद्र कुमार ने बताया कि 67 करोड़ की लागत से शहर के जल निकासी का कार्य गुरुवार से प्रारंभ हो सकता है. कार्य एजेंसी आंध्र प्रदेश की आरकेआइपीएल चैरिथ से वार्ता अंतिम चरण में है. उन्होंने बताया कि इस ड्रेनेज के लिए पूर्व में टेंडर निकाला गया था. जिसमें तीन एजेंसियों ने अपना-अपना टेंडर दिया था. रेट अधिक देने के कारण कुछ उलझन आ रही थी.
जिसको लेकर दो कार्य एजेंसी से वार्ता की गयी. जिसमें आंध्रप्रदेश की आरकेआइपीएल चैरिथ से वार्ता सकारात्मक रही है. उन्होंने बताया कि सोमवार की देर संध्या कार्य एजेंसी के साथ अंतिम फैसला व एलपीसी देने का कार्य किया जाना है. जिसके बाद कार्य एजेंसी गुरुवार से काम शुरू करेगी. इसके लिए कच्चे नाले की खुदाई प्रारंभ की जायेगी. जिससे आने वाले बरसात में जलजमाव की बड़ी समस्या से शहरवासियों को थोड़ी राहत मिल सकेगी. मालूम हो कि पिछले वर्ष अधिकांश वार्ड जलजमाव की समस्या से बुरी तरह ग्रसित था. इसे लेकर प्रधान सचिव तक ने निरीक्षण किया व पंपसेट आदि से जल निकासी का कार्य करा लोगों को राहत दी गयी थी. आने वाली इस बरसात से पूर्व ही शहरवासी काफी डरे सहमे हैं. जलनिकासी को लेकर पहले से ही जिला प्रशासन को आवेदन देकर जलजमाव से निजात दिलाने की मांग की है.
