Road Accident: झारखंड से महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन ने सासाराम में दो भाइयों को रौंदा, एक की दर्दनाक मौत

Road Accident: झारखंड से महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन ने सासाराम में दो भाइयों को रौंद दिया. जिससे एक की दर्दनाक मौत हो गयी है.

Road Accident: रोहतास जिले के धौडाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लेरुआ गांव के पास एनएच-2 पर बुधवार की सुबह एक अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंद दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. इस घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को सदर अस्पताल सासाराम पहुंचाया. वहां इलाज के क्रम में एक की मौत हो गयी, जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बाहर रेफर कर दिया.

टमाटर लेकर बाइक से डेहरी सब्जी मंडी जा रहे थे दोनों भाई

जानकारी के अनुसार, कंचनपुर गांव निवासी कुंवरलाल साह के 53 वर्षीय बेटा राजेश कुमार साह व 51 वर्षीय बेटे उदय साह दोनों भाई टमाटर लोड कर बाइक से डेहरी सब्जी मंडी में बिक्री के लिए जा रहे थे. इसी बीच मौनी अमावस्या को लेकर झारखंड से प्रयागराज अमृत स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उदय साह को मृत घोषित कर दिया.

कुछ देर के लिए सड़क जाम

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए एनएच सड़क को जाम कर दिया. इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. हालांकि, बाद में पुलिस के समझाने से ग्रामीण शांत हो गये और परिचालन शुरू करा दिया गया. इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. बोलेरो को जब्त कर लिया गया है.

Also Read: Mahakumbh: पश्चिम बंगाल से महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो सासाराम में पलटी, पांच की हालत गंभीर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >