नोखा के बस पड़ाव स्थित सामुदायिक भवन में जमा चुनावी चौपाल
मतदाताओं ने कहा-विकास की रूप-रेखा दिखाने वाले को ही वोट
नोखा : इस बार के चुनाव में जात-पता नहीं, सिर्फ विकास की बात होगी. जो प्रत्याशी विकास की रूप-रेखा दिखायेंगे, उन्हें वोट दिया जायेगा. प्रत्याशी जिसके पास शहर को स्वच्छ, सुंदर रखने व बनाने की योजना होगी, उसे प्राथमिकता दी जायेगी. चाहे वह कोई भी हो, किसी परिवार का हो.
उक्त बातें प्रभात खबर के तत्वावधान में बस पड़ाव स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित चुनावी चौपाल में मतदाताओं ने कही. चुनावी चौपाल में मतदाताओं ने जहां पहले के नगर पंचायत बोर्ड के कारनामों को कोसा, वहीं नये उम्मीदवारों को चुनने में सतर्कता बरतने की अपील की. प्राय: मतदाता एक उम्मीदवार का पढ़ा-लिखा होना जरूरी बतायें, ताकि वह सरकारी पत्रों को अच्छे से समझ अपने नगर के विकास की योजना के क्रियान्वयन में बढ़-चढ़कर भाग ले सके. इसके बाद उसका सामाजिक सरोकार अच्छा होना चाहिए.
सभी लोगों को साथ लेकर चले. जरूरत के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता दे. वही उम्मीदवारों ने कहा कि हम जनता के लिए ही काम करेंगे. नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाना, लोगों को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाऐं मुहैय्या करना आदि हमारी प्राथमिकता होगी.
