कॉपी जांच के लिए लिया चोर दरवाजे का सहारा

टकराव. स्कूल प्रशासन ने चहारदीवारी तोड़ बनाया दरवाजा आंदोलित परीक्षकों ने शेरशाह सूरी इंटरस्तरीय विद्यालय के चोर दरवाजे को बंद कर किया प्रदर्शन सासाराम शहर : बाहर बहिष्कार और अंदर कॉपी की जांच. इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के बहिष्कार के 22वें दिन शेरशाह सूरी इंटरस्तरीय विद्यालय के प्रबंधन ने नया रास्ता अख्तियार किया. प्रबंधन ने […]

टकराव. स्कूल प्रशासन ने चहारदीवारी तोड़ बनाया दरवाजा

आंदोलित परीक्षकों ने शेरशाह सूरी इंटरस्तरीय विद्यालय के चोर दरवाजे को बंद कर किया प्रदर्शन
सासाराम शहर : बाहर बहिष्कार और अंदर कॉपी की जांच. इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के बहिष्कार के 22वें दिन शेरशाह सूरी इंटरस्तरीय विद्यालय के प्रबंधन ने नया रास्ता अख्तियार किया. प्रबंधन ने स्कूल के पीछे की चहारदीवारी में चोर रास्ता बना कुछ परीक्षकों को मूल्यांकन कक्ष में प्रवेश करा दिया. इसकी भनक स्कूल के दरवाजे पर बैठे आनंदोलनकारियों को लगी. आनन-फानन वे चहारदीवारी के पास पहुंचे और पत्थरों से चोर दरवाजे को बंद कर दिया. शोरगुल हुआ. लेकिन, इस बीच स्कूल प्रबंधन उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू कराने में सफल हो गया. हालात यह कि शनिवार को मूल्यांकन का बहिष्कार भी और कार्य भी होता रहा.
सुबह नौ बजे से ही हड़ताली शिक्षक स्कूल के दोनों गेट में ताला जड़ अपनी मांगों पर अड़े रहे. प्रशासन के लाख कोशिश के बावजूद शिक्षक ताला खोलने को तैयार नहीं हुए. बात बनती न देख प्रशासन ने स्कूल के पीछे की चहारदीवारी को तोड़ चोर दरवाजे से मूल्यांकन के लिए तैयार परीक्षकों को कक्ष में प्रवेश करा दिया. इसकी जानकारी हड़ताली शिक्षकों को लग गयी और वे एकजुट हो चोर दरवाजे को बंद करने लगे. इस दौरान स्कूल प्रबंधन व हड़ताली शिक्षकों के बीच नोंक-झोंक भी हुई.
गौरतलब है कि विगत 16 मार्च से ही वित्तरहित व नियोजित शिक्षकों ने समान काम-समान वेतन सहित अन्य मांगों को ले इंटर कॉपी के मूल्यांकन का बहिष्कार कर रहे हैं. प्रशासन ने उत्तरपुस्तिकाओं की जांच शुरू कराने के लिए हड़ताली शिक्षकों के साथ वार्ता भी बेनतीजा रही. राज्य सरकार ने हड़ताली शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य शुरू करने का सख्त निर्देश दिया है. लेकिन सरकारी फरमान की अनदेखी कर शिक्षकों का एक गुट शनिवार को भी बहिष्कार जारी रखा. जबकि एक गुट ने मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया. इस संबंध में शेरशाह सूरी इंटरस्तरीय विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सह केंद्राधीक्षक उर्मिला कुमारी ने बताया कि सरकार के सख्त निर्देश के बाद कुछ शिक्षक मूल्यांकन कार्य के लिए तैयार तो हुए. लेकिन, विरोध कर रहे शिक्षकों के एक गुट ने दोनों गेट पर ताला बंद कर दिया. मूल्यांकन शुरू कराने के लिए चहारदीवारी को तोड़ कर परीक्षकों के लिए मूल्यांकन कक्ष में प्रवेश के लिए रास्ता बनाया गया है. सौ से अधिक वित्तरहित व नियोजित शिक्षक कॉपियों की जांच में लगे हुए हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >