सासाराम ऑफिस : लोगों को पैन कार्ड का आवेदन जमा करने में कठिनाई हो रही है. कई कई घंटों तक लोग लाइन में खड़े रहते हैं. फिर भी आवेदन जमा नहीं हो पाता. किसी तरह आवेदन जमा हो जाता है तब तत्काल रसीद नहीं मिल पा रहा है. बौलिया मोड़ स्थित सर्राफ हाउस के टिन फैशिलेशन सेंटर पर सुबह 10 बजे से पांच बजे तक आवेदन जमा करने का बोर्ड लगा हुआ है, लेकिन लोगों का कहना है कि दो बजे ही काउंटर बंद कर दिया जाता है. तकिया निवासी सुदर्शन सिंह,करगहर निवासी गणेश सिंह ने बताया कि कई दिनों से लाइन में खड़े रहते है फिर भी अावेदन जमा नहीं हो पाता. कर्मी आवेदन तो ले लेते है लेकिन स्लिप बाद में देने की बात करते हैं.हमलोग दूर से आते है. बार-बार आने पर किराया भाड़ा लगता है.
समय का नुकसान होता है. काली स्थान स्थित ग्रीन हाउस एसोसिएट के कर्मचारी ने बताया कि सर्वर डाउन होने से नया आवेदन नहीं लिया जा रहा है.दो तीन दिनों से सर्वर डाउन है. पहले से सैंकड़ों आवेदन पड़े हैं. जब तक इन पुराने आवेदनों का निबटारा नहीं हो जाता तबतक नये आवेदन स्वीकार नहीं किए जायेंगे. वहीं तकिया स्थित रंगोली कंप्यूटर के कर्मी का कहना है कि हमारे यहां ऑफ लाइन आवेदन जमा किया जाता है. ऑनलाइन की सुविधा नहीं है, जिससे तत्काल रसीद देना संभव नहीं है.गौरतलब है कि बैंकों व सरकारी विभागों में पैनकार्ड अनिवार्य कर दिया गया है. लेन देन में भी पैनकार्ड आवश्यक है. व्यापारी कर्मचारी से ले कर छात्रों के लिए भी पैनकार्ड अनिवार्य कर दिया गया है.
बैंकों में खाता खुलवाने के लिए पैन कार्ड मांगा जाता है. रजिस्ट्री ऑफिस में जमीन लिखवाते समय भी पैन कार्ड की जरूरत है. यहीं नहीं बंदूक के लाइसेंस रिन्यूवल कराने में भी पैन कार्ड की मांग की जा रही है.जिस कारण भीड़ बढ़ गयी है. उसी दिन रसीद की मांग की जा रही है.आवेदनों की संख्या इतनी ज्यादा हो गयी है कि निबटाने में सप्ताह भर का समय लग रहा है.पैन कार्ड के लिए आधार कार्ड या पहचान पत्र , की छाया प्रति दो फोटो लग रहा है.पहचान पत्र पर अगर जन्म तिथि अंकित न हो तो मार्कशीट, सार्टिफिकेट या कोर्ट अफिडेविट आवश्यक है.
