सासाराम : बिहार के रोहतास जिला के मुफस्सिल थाना अंतर्गत बेदा गांव में अवैध शराब भट्ठियां चलाए जाने की सूचना पुलिस को दिए जाने पर शराब बनाने वालों द्वारा स्कूल से लौट रहीं6 छात्राओं की कल बुरी तरह पिटाई करने के मामले में आज तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लन ने आज बताया कि शराब रखने और हिंसा पर उतारु तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
गत रविवार को बनरसिया गांव के कुछ लोगों द्वारा पुलिस को बेदा गांव में शराब भट्ठियां चलाए जाने की सूचना दी थी. पुलिस के साथ मिलकर शिकायतकर्ताओं ने बेदा गांव पहुंचकर करीब एक दर्जन लोगों के घर से भारी मात्रा में मसालेदार शराब बरामद किया. बनरसिया गांव के लोगों द्वारा शिकायत करने से आक्रोशित शराब भट्ठियां चलाने वालों ने कल स्कूल से लौट रही गांव की छह छात्राओं की बुरी तरह पिटाई कर दी. उन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी.
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष बिरेंद्र प्रसाद यादव ने आज बताया कि मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 के तहत की गयी कार्रवाई में तीन लोगों की बाती रात्रि गिरफ्तारी की गयी जिन्हें आज न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. उल्लेखनीय है कि बेदा गांव जहां शराब बनाने की अवैध भट्ठियां चलायी जा रही थीं, बिहार सैन्य महिला पुलिस प्रशिक्षण केंद्र से कुछ ही दूरी पर है.
