बिक्रमगंज : नशामुक्ति को लेकर बनी मानव शृंखला में काफी संख्या में लोग शामिल हुए. सड़कों पर शृंखला बनाने के लिए जगह नहीं मिला. इस दौरान कई स्कूली बच्चे बेहोश हो गये बिक्रमगंज में नटवार पथ पर जंगल के पास पांच बच्चियां बेहोश हो गयी. जिन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया. इन छात्राओं में सभी मध्य विद्यालय नोनहर की छात्राएं हैं, जिनमें पांचवीं की काजल, पूजा व कंचन, छठी की खुशबू व सोनी खातून शामिल है.
संझौली में अलग-अलग स्थानों पर सात छात्राएं बेहोश हो गयी. उनको तत्काल पीएचसी पहुंचाया गया. प्रभारी डॉ सुधीर कुमार ने बताया कि सभी बच्चियों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया. दिनारा में कई छात्र-छात्राओं को चक्कर आ गया, जिसके बाद तत्काल उन्हें पानी पिलाया गया. लोहरा मध्य विद्यालय में वर्ग पांच की छात्रा हेमा कुमारी, कन्या उच्च विद्यालय गरज भड़सरा की छात्रा पिंकी कुमारी सहित कई लोगों को चक्कर आ गया. राज राजेश्वरी प्लस टू विद्यालय सूर्यपुरा की एक छात्रा बेहोश हो गिर पड़ी छात्रा नूरजहां नौवीं में पढ़ती है. इसका इलाज पीएचसी में किया गया.
