सासाराम शहर : शेरशाह सूरी इंटरस्तरीय विद्यालय में बुधवार को साइंस फॉर सोसाइटी की जिला शाखा ने अनुमंडलस्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया. बाल विज्ञान कांग्रेस में अनुमंडल क्षेत्र के उच्च व प्लस टू के स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किये गये प्रोजेक्ट पर विज्ञान प्रौद्योगिकी व नवाचार सतत विकास पर प्रकाश डाला गया.
विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने कृषि, ऊर्जा, स्वास्थ्य व पर्यावरण से संबंधित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया . कार्यक्रम में उच्च विद्यालय बरांव, बाल वैज्ञानिक केंद्र सासाराम, उच्च विद्यालय चितांव, शेरशाह सूरी इंटरस्तरीय विद्यालय सासाराम, संत शिवानंद अकादमी सासाराम, एबीआर फाउंडेशन, कन्या मध्य विद्यालय चौखंडी पथ आदि स्कूलों के प्रोजेक्ट का चयन किया गया. चयनित विद्यालय के छात्रों द्वारा 29 सितंबर को आयोजित होने वाले जिलास्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में प्रोजेक्ट को प्रस्तुत किया जायेगा.
