बौरना का कुंदन मांझी बस पर सामान रखने के दौरान 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आया
धमौल : धमौल थाना क्षेत्र के मौहुली के पास सड़क पर बिजली विभाग की लापरवाही के कारण की झुलते तार की चपेट में आने से बौरना गांव के मजदूर कुंदन मांझी की मौत हो गयी. पता चला है कि उक्त युवक घर से परिवार के जीविकोपार्जन के लिए निकला था. वह ईंट भट्ठा पर काम करने जा रहा था. इसके लिए वह धमौल-पटना शारदा बस पर सवार हो रहा था. इसी बीच वह बस की छत पर अपना सामान रखने के लिए चढा, तभी वह 11 हजार तार की चपेट में आ गया. इसमें उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वाहन पर एक अन्य सवार यात्री बरबीघा के तेउस गांव के रहनेवाले जगदीश यादव बुरी तरह जख्मी हो गये. उन्हें शेखपुरा के स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज हेतु पटना रेफर कर दिया गया है.
घटना के बाद बस चालक आनन-फानन में शव को वाहन से उतार कर फरार हो गया. ग्रामीणों ने बताया की विभाग को कई बार इसकी सूचना दी गयी थी. बावजुद पहल नहीं की जा रही थी. थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन द्वारा पुलिस को विभाग के विरुद्ध लिखित सूचना दी गयी है. मामले पर अनुसंधान शुरू कर दी गयी है.
