कई वाहन हो चुके हैं दुर्घटनाग्रस्त
डेहरी कार्यालय : शहर से गुजर रहे फोरलेन पर सोन नद में बजे जवाहर सेतु का एक लेन इन दिनों जानलेवा बन गया है. शेरशाह सूरी पथ के नाम से कभी मशहूर उक्त सड़क पर सरपट दौड़ते वाहन आज उक्त पुल के आधे हिस्से में कछुआ की गति से रेंगने लगते हैं. सड़क के आधे हिस्से में अभी कालीकरण का काम बाकी है़ जबकि, रिपेयर किया गया हिस्सा भी भारी वाहनों के चक्के से धंस कर बीच में टीला का रूप ले लिया है. उक्त पथ पर छोटे वाहनों का चलना काफी खतरनाक हो गया है़ गौरतलब है कि शेरशाह सूरी द्वारा बनवाया गया जीटी रोड पहले शहर के मुख्य बाजार से होते हुए टाउन हॉल के सामने से सोन नद को पार कर औरंगाबाद जिले में निकलता था. सोन नद में आज भी उक्त पथ का अवषेश नजर आता है.
बरसात के समय में सोन नद में बाढ़ आने की स्थिति में अक्सर उक्त सड़क पर यातायात बंद हो जाता है. इसे देखते हुए बाद में जवाहर सेतु का निर्माण हुआ. इस सड़क पर अति महत्वपूर्ण जवाहर सेतु के समानांतर एक नये पुल का निर्माण फोर लेन सड़क बनाने के दौरान किया गया है़
क्या है समस्या
जवाहर सेतु की जर्जर स्थिति को देखते हुए एनएचएआइ ने उस पर बने सड़क की विधिवत निर्माण कराने का काम शुरू किया़ करीब एक वर्ष पहले शुरू कार्य की गति धीमी होने से अक्सर उक्त पुल पर जाम की समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ता है.
बारुण की तरफ से करीब आधी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है.
डेहरी की तरफ बचे आधे पुल में आधा हिस्से का निर्माण हुआ है. इसमें निर्माण के बाद ही तुरंत खराबी आ गयी. भारी वाहनों के चक्के से दोनों तरफ सड़क दबने से बीच का हिस्सा टीलानुमा हो गया है़ इससे उस पर छोटे वाहनों काे चलाना काफी कष्टकर हो गया है.
उससे कई वाहनों के चेंबर फट गये तो कई बाइक सवार पलट कर अपने हाथ-पैर तुड़वा बैठे. आधा बचा पार्ट आज भी अपने पूर्ण निर्माण का बांट जोह रहा है. एक ही लाइन से उक्त पुल पर वाहनों का आवागमन जारी है़ इसके कारण कई बार पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है़
