वेतन भुगतान सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में धरने को लेकर अपने स्कूल से गायब रहनेवाले शिक्षकों ने शुक्रवार को कार्रवाई की प्रक्रिया होती देख श्री शंकर इंटर स्तरीय विद्यालय, तकिया में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) डॉ अशोक कुमार सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया. हाथापाई करने के साथ पथराव कर डीइओ की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी.
पथराव के समय डीइओ अपनी गाड़ी में ही थे. इस घटना से वह सदमे हैं और उन्होंने श्री शंकर इंटर स्तरीय विद्यालय के 30 शिक्षकों के खिलाफ मॉडल थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस संबंध में थानाध्यक्ष मोहम्मद इरशाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की है. जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी.
सदर अनुमंडल पदाधिकारी से मोबाइल फोन पर सूचना मिलने के बाद डीइओ अपने सहायक नंद कुमार झा के साथ श्री शंकर इंटर स्तरीय विद्यालय में शुक्रवार की दोपहर बाद करीब 1ः30 बजे निरीक्षण करने पहुंचे. निरीक्षण के दौरान विद्यालय में 30 शिक्षक अनुपस्थित पाये गये. इसके बाद डीइओ अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई की प्रक्रिया करने लगे. इसकी भनक पर कुछ शिक्षक स्कूल पहुंचे और हंगामा करने लगे. उन्होंने डीइओ के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.
डीइओ ने बताया कि स्कूल में शिक्षक आते ही नारेबाजी करते हुए उनके साथ हाथापाई करने लगे. जमकर धक्का-मुक्की भी की. अभद्र व्यवहार किया. किसी तरह उनके चंगुल से निकल कर वह अपनी गाड़ी में पहुंचे. गाड़ी में बैठने पर शिक्षकों ने ईंट-पत्थर से उन पर हमला कर दिया. गाड़ी भगा कर उन्होंने अपनी जान बचायी. डीइओ ने बताया कि डीएम व एसपी को घटना की सूचना देने के बाद मॉडल थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
इसकी सूचना राज्य के वरीय अधिकारियों को भी दी गयी है. इधर, डीइओ पर हमले के बाद उनके कार्यालय कक्ष में अधिकारियों व कर्मचारियों की आपात बैठक हुई. इसमें घटना के विरोध में शाम चार बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया और सभी हड़ताल पर चले गये.
उधर, बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के सचिव देववंश सिंह ने कहा कि श्री शंकर इंटर स्तरीय विद्यालय में शिक्षकों के दो गुट सक्रिय हैं. डीइओ पर हमला करने जैसा निंदनीय कार्य उनके लोग नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि नौ माह से मानदेय नहीं मिला है. शिक्षकों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गयी है. इस पर अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है.
