सासाराम नगर : शहर से सटे दरिगांव थाना क्षेत्र के बड़की करपुरवा गांव में एक युवती ने दुपट्टे का फंदा बना कर पंखे से लटक आत्महत्या कर ली. मृतका बिगन पासवान की बेटी 20 वर्षीय अंजु कुमारी बतायी जाती है. जानकारी के अनुसार, मृतका के मां-बाप सुबह करीब नौ बजे खेत में काम करने चले गये थे.
बड़ा भाई भी मजदूरी करने बाहर चला गया. घर में वह अकेली थी. दोपहर करीब 12.30 बजे माता-पिता खेत से लौटे, तो घर का दरवाजा बंद मिला. कई बार आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर किसी अनहोनी की आशंका से मृतका के पिता पड़ोसी की छत से अपने घर में घुसे. घर के एक कमरे में बेटी पंखे की कुंडी में दुपट्ट्रे का फंदा बना उससे लटकी मिली. यह देख वह चीखते-चिल्लाते घर का दरवाजा खोला. पति को रोते देख बदहवास पत्नी घर के अंदर गयी और अंदर का दृश्य देख वहीं पछाड़ खाकर गिर पड़ी. तब तक पड़ोसियों की भीड़ इकट्ठा हो गयी.
पुलिस के सामने उतारा गया शव
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने पंखे की कुंडी से लटके शव को नीचे उतारा गया. शव में अकड़न आ गया था, जिससे लोगों ने आशंका जाहिर की कि मां-बाप के जाते ही युवती फंदे से लटकी होगी.
बेटी की मौत से बदहवास बिलखते पिता ने कहा कि खेत में मजदूरी कर अपनी बेटी को पढ़ा रहा था. बड़ी उम्मीद थी. दो साल पहले इसके सिर में तेज दर्द होने की शिकायत हुई थी, जिसका इलाज डेहरी में हो रहा था. अब यह नॉर्मल हो गयी थी. इसके मन में ऐसा क्या हुआ कि ऐसा कदम उठा ली.
प्लेटफाॅर्म नंबर तीन पर मिला भिखारी का शव
सासाराम नगर. सासाराम स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर तीन पर रेल पुलिस ने एक भिखारी का शव बरामद किया है. थानाध्यक्ष लल्लु सिंह ने बताया की मृतक की उम्र करीब 75 वर्ष है. जानकारी मिली है की मृतक कई वर्षों से प्लेटफाॅर्म पर रह कर भीख मांग जीवन यापन कर रहा था.
सोमवार को इसकी तबीयत खराब होने पर एक कर्मी ने उसे दवा लाकर दिया था. बुधवार को वह ठीक था और बेहतर स्थिति में था. गुरुवार की सुबह वह शेड के नीचे मृत पड़ा था. शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है. एसके परिजनों के बाबत जानकारी नहीं है. 72 घंटे बाद शव का दाह संस्कार किया जायेगा.
इस मामले में थानाध्यक्ष उमेश यादव कहा कि शुरुआती जांच में मृतका के मानसिक रोगी होने की बात सामने आयी है. डिप्रेशन में ऐसा कदम उठाने की संभावना बन रही है. गरीब परिवार है. पिता और बड़ा भाई मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. पोस्टमार्टम करा शव को परिजनों को सौंप दिया गया. मामले की जांच की जा रही है.
24 घंटे बाद मिला डेहरी के युवक का शव
सासाराम नगर.दरिगांव थाना क्षेत्र के ताराचंडी पहाड़ी स्थित मांझर कुंड से पुलिस ने गुरुवार की दोपहर एक युवक का शव बरामद किया. मृतक डेहरी शहर के बारह पत्थर मुहल्ला निवासी मो फिरोज खां का बेटा मो आसिफ 25 वर्ष बताया जाता है. जानकारी के अनुसार, आसिफ अपने दोस्तों के साथ बुधवार की सुबह पिकनिक मनाने के लिए मांझर कुंड गया था. कुंड में दोस्तों के साथ स्नान करने लगा.
करीब आधे घंटे बाद उसके दोस्त पानी से बाहर निकल गये और वह कुंड में नहाता रहा. काफी देर बाद जब वह नहीं आया, तो उसके दोस्त उसे खोजने लगे. जब कहीं पता नहीं चला, तो दोस्तों ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी. आशंकित परिजन इसकी सूचना पुलिस को दी. गुरुवार की सुबह पुलिस की टीम मांझर कुंड में खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला.
चरवाहों की सलाह पर पुलिस टीम जब धुंआ कुंड में नीचे उतरी, तो एक शव पानी में तैरता दिखा. चरवाहों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया, तो उसकी पहचान हो सकी. इस संबंध में थानाध्यक्ष उमेश यादव ने कहा कि स्नान के दौरान लापरवाही में मृतक बहते हुए कुंड में गिरा होगा, जिससे उसकी मौत हो सकती है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसका सही पता चल सकेगा. पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
देवचरण हत्याकांड : आरोपित की मां गिरफ्तार
सासाराम नगर. शहर के गुरुद्वारा रोड की युवती देवचरण की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित की मां को गिरफ्तार किया है .गौरतलब है की मंगलवार की देर शाम जानी बाजार गुरुद्वारा रोड निवासी अंगद चौरसिया की बेटी देवचरण कुमारी 16 वर्ष को एक युवक ने गोली मार दी थी. इससे युवती की मौके पर ही मौत हो गयी थी. मृतका अपनी छोटी बहन शिवानी के साथ काली मंदिर से पूजा कर घर आ रही थी. रास्ते में एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी करने लगा.
युवक शराब के नशे में था. अपने बचाव में जब युवती चिल्लाने लगी, तो इससे भड़के युवक ने गोली चला दी. गोली युवती के पेट में लगी और वह मौके पर ही दम तोड़ दी. मृतका की छोटी बहन के बयान पर पुलिस लखनुसराय मुहल्ला निवासी सुरेश महतो के बेटा पिंटू महतो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी.
थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि आरोपित की मां जमुनी देवी भी इस कांड में नामजद है. गुरुवार की सुबह उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
