करगहर में दीवार गिरने से बाप-बेटी की मौत, चार घायल

करगहर : रोहतास जिले के करगहर प्रखंड के रुपैठा गांव में बुधवार की रात तेज आंधी व मूसलधार बारिश के दौरान मिट्टी के घर की दीवार गिरने से उसमें दब कर बाप-बेटी की मौत हो गयी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में दो महिलाएं व दो बच्चे शामिल हैं. मृतकों […]

करगहर : रोहतास जिले के करगहर प्रखंड के रुपैठा गांव में बुधवार की रात तेज आंधी व मूसलधार बारिश के दौरान मिट्टी के घर की दीवार गिरने से उसमें दब कर बाप-बेटी की मौत हो गयी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में दो महिलाएं व दो बच्चे शामिल हैं. मृतकों की पहचान रुपैठा के 36 वर्षीय शिव कुमार बिंद व उसकी बेटी सोनी कुमारी के रूप में हुई है. मृतक की पत्नी व बेटे का करगहर पीएचसी में उपचार किया जा रहा, जबकि दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं. जानकारी के अनुसार, शिव कुमार बिंद अपनी पत्नी गीता, 12 वर्षीय बेटा मंटू व 10 वर्षीय बेटी सोनी कुमारी के साथ प्रतिदिन की भांति बुधवार की रात भी अपने घर में सोये हुए थे.

अचानक तेज हवा के साथ शुरू हुई मूसलधार बारिश में पहले से पानी खाकर कमजोर हो चुकी मिट्टी की दीवार उनके ऊपर गिर पड़ी. दीवार के मलबे में दबने से शिव कुमार बिंद व उसकी बेटी सोनी की मौत मौके पर ही हो गयी, जबकि पत्नी व बेटा को ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर बचा लिया. घायल मां-बेटे का इलाज करगहर स्थित पीएचसी में चल रहा है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी गयी है. मिट्टी के तीन कमरे वाले घर में शिव कुमार के दो सगे भाई भी अपने परिवार के साथ रहते हैं,

जो हादसे में बाल-बाल बच गये. हालांकि एक भाई 30 वर्षीय राजकुमार व एक महिला 28 वर्षीय सीता देवी भी घायल हो गयी. घटना की सूचना पर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे बीडीओ मोहम्मद असलम, सीओ संजीव कुमार राय व थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. मृतक बाप-बेटी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया गया. सीओ ने कहा कि फिलहाल पीड़ित परिवार को रहने के लिए गांव के सामुदायिक भवन में व्यवस्था की गयी है व खाने के लिए पीडीएस के माध्यम से चावल, गेंहू व कपड़े की व्यवस्था कर दी गयी. पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये की मुआवजा राशि दिलाने के लिए सरकार से अनुरोध किया जायेगा. वहीं, पंचायत के मुखिया गुप्तेशवर सिंह ने मृतकों के दाह-संस्कार के लिए कबीर अंत्येष्टि योजना से छह हजार रुपये की राशि प्रदान की.

रुपैठा गांव में रात में तेज आंधी व बारिश के दौरान हुई घटना
घर में पत्नी व दो बच्चों के साथ सोये थे शिव कुमार बिंद
घायल पत्नी व बेटे का करगहर पीएचसी में किया जा रहा उपचार
घटना के बाद बेसुध हुई पत्नी, मची चीख-पुकार
दीवार गिरने से पति व बेटी की मौत को देख कर पत्नी गीता देवी बेसुध हो गयी. हादसे के बाद घरवालों में चीख-पुकार मच गया. हादसे के बाद गांव में मातम छाया हुआ है.
बेघर हो गयी गीता
पति व बेटी को गंवा चुकी गीता घर की दीवार गिरने से बेघर भी हो गयी. मिट्टी के घर में वह अपने पति व दो बच्चों के साथ गुजर कर रही थी. अब उसे घर के साथ बेटे की परवरिश की चिंता सता रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >