दिनारा (रोहतास) : हत्या कर फेंके गये शव की पहचान के बाद मृत घोषित एक महिला के 40 दिनों बाद जिंदा मिलने पर हत्या के आरोपित पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों ने राहत की सांस ली है. मामला रोहतास के दिनारा प्रखंड के भानपुर गांव का है.
दिनारा पुलिस ने महिला को बिक्रमगंज स्टेशन से सोमवार की शाम बरामद किया. मामले के अनुसंधानकर्ता जेएसआई सत्येंद्र सत्यार्थी ने बताया कि सोमवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर मृत घोषित महिला सिंपल को बिक्रमगंज स्टेशन से बरामद किया गया. महिला की मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया जायेगा. गौरतलब है कि करगहर प्रखंड के महुली गांव की आरती कुंअर की बेटी सिंपल की शादी भानपुर निवासी प्रभुनारायण सिंह के बेटे विक्की सिंह के साथ वर्ष 2014 में हुई थी.
28 फरवरी, 2018 को अचानक सिंपल गायब हो गयी. इसको लेकर सिंपल की मां ने दिनारा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी, जिसमें सिंपल के पति विक्की सिंह, देवर मनीष सिंह, ससुर प्रभुनारायण सिंह, चचेरा ससुर हरखनाथ सिंह सहित ससुराल पक्ष की तीन महिलाओं पर दहेज के लिए बेटी का गला दबा हत्या करने का आरोप लगाया था.
