खां मस्जिद के समीप बम बना रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार की
सासाराम नगर : शेरशाह सूरी मकबरा के समीप रविवार की रात करीब 10:15 बजे बरामद बम मामले में पुलिस बिक्रमगंज से एक और युवक को गिरफ्तार की है. गौरतलब है कि मकबरा के दक्षिण स्थित पोश्ते खां मस्जिद के समीप बम बना रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार की थी. इनके पास से छह […]
सासाराम नगर : शेरशाह सूरी मकबरा के समीप रविवार की रात करीब 10:15 बजे बरामद बम मामले में पुलिस बिक्रमगंज से एक और युवक को गिरफ्तार की है. गौरतलब है कि मकबरा के दक्षिण स्थित पोश्ते खां मस्जिद के समीप बम बना रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार की थी. इनके पास से छह शक्तिशाली तैयार बम और बम बनाने का सामान बरामद हुआ था.
नगर थाने की पैंथर टीम को बाइक गश्त के दौरान यह कामयाबी मिली थी. बाइक टीम का नेतृत्व एएसआई प्रदीप पांडेय कर रहे थे. उनके साथ एएसआई रामचंद्र यादव व संतोष पांडेय थे. पैंथर टीम की नजर बम बनाते युवकों पर पड़ी. रात के अंधेरे में सड़क किनारे सफेद रंग की स्कॉर्पियों खड़ी थी, जिसके पीछे करीब चार की संख्या में युवक बम बनाने में मशगुल थे. पैंथर टीम को देखते ही दो युवक तेज गति से पश्चिम की ओर भाग निकले. पुलिस टीम ने उनमें से दो को दबोच ली,
जिसमें बिक्रमगंज के अहमदनगर का मोहम्मद शाहीद व सइद को पकड़ लिया. इसके साथ ही स्कॉर्पियो चालक दिनारा निवासी एहरान अहमद को धर दबोचा. इसके बाद पुलिस उसी रात बिक्रमगंज के अहमदनगर में दबिश दी और मुन्ना खां को गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा अन्य आरोपित दानिश खां, विक्की खां, पप्पू खां व सन्टू खां की खोज में पुलिस जुटी है.
आरोपितों से पटाखा बनाने का लाइसेंस दिखाने की मांग, नहीं दिखाने पर कार्रवाई
शहर के पठान टोली में आयी थी बरात
शहर के पठान टोली मुहल्ले में अब्दूल क्यूम की बेटी की बरात बिक्रमगंज के अहमदनगर से आयी थी. पुलिस के अनुसार युवकों के कहने के अनुसार सभी युवक इसी बरात में आये थे. युवकों द्वारा फटाखें के लिए बम बनाया जा रहा था. इस तरह के बम बरात में नहीं फोड़े जाते हैं. बम देखने में काफी शक्तिशाली थे. बम जद में आने पर बड़ा नुकसान हो सकता है. बम को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जायेगा. पुलिस इस मामले का माइस्टर माइंड मुन्ना खां को मान कर चल रही है. मुन्ना से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के लिए लड़की के भाई मोहम्मद परवेज व लड़के के भाई अहमदनगर निवासी मोहम्मद नौशाद को हिरासत में ली है.
भाई की रिहाई के बाद ही जाऊंगी ससुराल
शहर के पठान टोली मुहल्ला निवासी अब्दूल क्यूम की दुल्हन बनी बेटी रुखसाना परवीन ने कहा है कि जब तक मेरे भाई को पुलिस छोड़ती नहीं है, मैं ससुराल नहीं जाऊंगी. उसने कहा कि इसमें मेरे भाई की कोई गलती नहीं है. बरात में कई तरह के लोग आये थे. सभी बारातियों पर नजर रखना मुमकिन नहीं है. मेरे भाई को क्या पता की बाहर में कोई बराती क्या कर रहा है? मेरे भाई को फंसाने की कोशिश हो रही है. रुखसाना को मानाने की परिजनों की कोशिश बेकार जाने पर परिजन लड़के भाई को छुड़ाने के लिए थाना का चक्कर लगा रहे हैं. मुहल्ले में चर्चाओं का बाजार गरम है. तरह-तरह की बातें होने लगी हैं.
शादी में पटाखा फोड़ा जाता है, बम नहीं
बम बरामदगी मामले में पांच युवकों को हिरासत में लिया गया है. पूछताछ की जा रही है. शादी में पटाखा फोड़ा जाता है बम नहीं. पटाखा बनाने के लिए भी लाइसेंस लिया जाता है. इन लोगों से लाइसेंस की मांग की गयी है. ससमय लाइसेंस उपलब्ध नहीं कराने पर इनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. पैंथर टीम ने अच्छा काम किया है. इस मामले में कई और पहलुओं पर अनुसंधान किया जा रहा है. जल्द ही पूरा मामला सामने होगा.
मानवजीत सिंह ढिल्लो, एसपी, रोहतास
बम बरामदगी से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
पैंथर पार्टी ने बम बरामदगी की सूचना जैसे ही वरीय अधिकारियों को दिये हड़कंप मच गया. उसी समय डीएसपी आलोक रंजन नगर थाना पहुंचे. छह बड़े बम को देख डीएसपी ने तत्काल इसकी सूचना एसपी व डीआईजी को दी. रात में बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, जिसने बम को निष्क्रिय कर दिया. तीनों युवकों से पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है. पूछताछ में युवकों ने बताया कि सासाराम के पठान टोली मुहल्ले में आयी बारात में आये थे ओर बारात में पटाखा फोड़ने के लिए बम तैयार कर रहे थे. युवकों ने अपने साथियों का नाम व पहचान बताया है.