नगर पर्षद की तरफ से वार्ड 23 में गरीबों को दिया गया कंबल
मुख्य पार्षद व उपमुख्य पार्षद ने किया कार्यक्रम को संबोधित
सासाराम ऑफिस : शहर के वार्ड 23 में हजरत पीर ख्याली पीर रहमातुल्लाह अलैह के मजार प्रांगण में बुधवार को कंबल वितरण का आयोजन हुआ. इसका नेतृत्व नगर पर्षद सभापति कंचन देवी ने किया. कंबल वितरण कार्यक्रम में वार्ड के गरीब, असहाय, बुजुर्ग, विधवा, निशक्त व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के बीच तीन सौ कंबल का वितरण किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पर्षद सभापति ने कहा कि नगर पर्षद नगर के लोगों के लिए कार्यरत है.
उन्होंने कहा कि समाज से दहेज प्रथा एवं बाल विवाह जैसी कुरीतियों को जड़ से उखाड़ फेंकना है. साथ ही उन्होंने बेटी बचाओ -बेटी पढ़ाओ पर जागरूक करते हुए जनता से साथ देने का आग्रह किया. मौके पर नगर पर्षद उपसभापति विजय कुमार महतो, वार्ड पार्षद 23 बलवीर सिंह, पूर्व पार्षद मीरा कौर, वार्ड 14 के पार्षद के पुत्र विशाल कुमार, सरदार गुड्डू सिंह, डॉ प्रेम सिंह, डॉ सरोज कुमार, सत्यजीत सिंह, राकेश गौस्वामी, विकास मित्र कुमारी स्नेह लता, देवेंद्र राम आदि मौजूद थे.
