बोले डीएम, ब्रेथ एनलाइजर का मामला गंभीर, जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
सासाराम नगर : शुक्रवार की सुबह शहर के हाउसिंग बोर्ड के पीछे पुलिया से लावारिस स्थिति में बरामद ब्रेथ एनलाइजर को काफी टालमटोल के बाद उत्पाद विभाग ने स्वीकार किया कि वह उसी का है. गौरतलब हो कि शुक्रवार की सुबह उक्त स्थल से पुलिस लावारिस स्थिति में एक ब्रीफकेस बरामद की थी. जिसमें ब्रेथ एनलाइजर था. ब्रीफकेस को लेकर पुलिस दो घंटे तक हलकान रही. पुलिस भी इस मामलें में काफी परेशान थी. डेहरी से बम निरोधक दास्ते को बुलाया गया. तब जाकर स्थिति स्पष्ट हो सकी.
पुलिस व उत्पाद विभाग दोनों ने किया था इनकार
उत्पाद विभाग के अधिकारी ने दावा किया की विभाग को पांच मशीन सरकार से मिला है और वह सभी मशीन अधिकारियों के पास सुरक्षित है. वहीं पुलिस के बड़े अधिकारी ने कहा उत्पाद विभाग से हमारे महकमा को 20 मशीनें मिली है और सभी मशीनें सुरक्षित है. दो घंटे बाद एसपी ने कहा उत्पाद विभाग की टीम शहर में जांच के लिए पटना से आयी थी.
उन्हीं लोगों से लापरवाही में मशीन छूट गया था. वहीं सहायक उत्पाद आयुक्त ने एसपी के बयान से असहमति जताते हुए कहा कि पटना से उत्पाद विभाग की कोई टीम आयी थी, इसकी मुझे जानकारी नहीं है. और वरीय अधिकारियों द्वारा इसकी मुझे जानकारी भी नहीं दी गयी है. 24 घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा. शनिवार की दोपहर उत्पाद निरीक्षक संजय चौधरी नगर थाना पहुंच स्वीकार किया की यह मशीन उत्पाद विभाग की है और मेरे जिम्मेवारी में थी. लापरवाही में वहां छुट गया. लिखित देने पर नगर थानाध्यक्ष ने उत्पाद निरीक्षक को उक्त मशीन सौंपा.
शनिवार को ही विभाग को सौंप दिया गया
शुक्रवार की सुबह हाउसिंग बोर्ड के पीछे पुलिया से बरामद ब्रेथ एनलाइजर उत्पाद विभाग का है. शनिवार की दोपहर उत्पाद विभाग के अधिकारी को सौंप दिया गया.
रामविलास पासवान, नगर थानाध्यक्ष
गश्ती में वाहन से गिरा
शुक्रवार की सुबह बरामद मशीन उत्पाद विभाग की थी. गश्ती के दौरान उक्त जगह पर वाहन से गिर पड़ा. शनिवार को उक्त मशीन नगर थाना से मेरे द्वारा प्राप्त किया गया. चुंकि, वह मशीन विभाग द्वारा मुझे दिया गया था.
संजय चौधरी, उत्पाद निरीक्षक
गंभीर मामला, होगी जांच
जब मशीन की बरामदगी हुआ उस समय उत्पाद विभाग दावा करता रहा की उक्त मशीन मेरा नहीं है. फिर अगले दिन अपना मशीन बता उत्पाद निरीक्षक ने नगर थाने से उक्त मशीन को कैसे रिसीव किया. यह बहुत गंभीर मामला है. वह मशीन वहां कैसे छुटा. यह बड़ी लापरवाही है. इस मामले की जांच करा दोषी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई होगी.
अनिमेष कुमार पराशर, डीएम, रोहतास
विभागीय अधिकारी ने दी थी गलत जानकारी
शुक्रवार को लावारिस स्थिति में नगर थाना क्षेत्र से पुलिस मशीन बरामद की थी. उस दिन हमारे विभाग के अधिकारी हमें गलत जानकारी दिये. अधिकारी द्वारा मुझे गुमराह किया गया. उसी अधिकारी के बातों में आकर मैंने कहा था कि बरामद मशीन उत्पाद विभाग का नहीं है उत्पाद निरीक्षक को सख्त चेतावनी दिया गया है. भविष्य में गलती दोहराने पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
डॉ आनंद कुमार, सहायक उत्पाद आयुक्त
