सासाराम नगर : रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र स्थित बड़की खैरी गांव के समीप परसडिंहा सड़क किनारे चाट में सोमवार रात एक बोलेरो पलट गयी. इस हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जिनकी पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के भगवलिया गांव निवासी चालक कमल पासवान व मसिहाबाद निवासी सुनील राम उर्फ बुधु राम के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, पड़री पंचायत के मुखिया भगवलिया निवासी पारस पासवान, चालक कमल पासवान व सुनील राम किसी शादी समारोह से सोमवार रात 12 बजे शिवसागर लौटे. मुखिया को उनके अवास पर छोड़ चालक व सुनील राम मसिहाबाद जा रहे थे.
बड़की खैरी गांव के समीप तीखे मोड़ पर बोलेरो अनियंत्रित हो सड़क किनारे चाट में पलट गयी. चाट में करीब सात फुट पानी था. दोनों गाड़ी में फंस गये, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. सुबह में ग्रामीणों दोनों शवों को पानी से बाहर निकाल कर घटना की जानकारी पुलिस को दी. इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना चालक की लापरवाही से हुई है. दोनों शवों काे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
