रोपवे के लिए जमीन उपलब्ध करा दी गयी जल्द शुरू होगा काम
अकबरपुर : रोहतासगढ़ किले की तलहटी में बसा तारडी मध्य विद्यालय में स्वच्छता अभियान व खुले में शौच से मुक्ति के लिए जागरूक कार्यक्रम में आये डीएम अनिमेष कुमार पराशर ने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्र में आप लोगों के बीच स्वच्छता अभियान को लेकर पहली बार आने का मौका मिला.
आपके बीच आने का एक बहाना था, स्वच्छता व सफाई तो कोई आप लोगों से सीखे. उन्होंने कहा कि घर व समाज की इज्जत से बढ़कर कुछ भी नहीं है़ खुले में शौच से मुक्ति का अभियान माताओं-बहनों का सम्मान बढ़ानेवाला कदम है. इसमें आप सभी का सहयोग जरूरी है.
उन्होंने कहा कि आपके क्षेत्र में बिजली व पानी की कमी, स्वास्थ्य केंद्र की दिक्कत सब कुछ है, मगर धीरे-धीरे सारे कार्यों का निराकरण किया जा रहा है.
रोपवे के लिए 1.3 हेक्टेयर जमीन वन विभाग को बिहार सरकार द्वारा दे दी गयी है. जल्द ही इसकी स्वीकृति मिल जायेगी और रोपवे का काम चालू हो जायेगा. छह महीने में बिजली घर-घर पहुंचा दी जायेगी व मुख्यमंत्री ज्योति योजना से बिजली की आपूर्ति सोलर सिस्टम के माध्यम से जल्द कर दी जायेगी. इसके लिए डेढ़ सौ करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को स्वीकृति दी गयी है.
डीएम से धनसा निवासी कामता यादव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अकबरपुर की ओर ध्यान दिलाया तो डीएम ने हॉस्पिटल का दौरा करने की बात कही और दोषियों पर कार्रवाई व क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों पर जल्दी कार्रवाई करने की आश्वासन दिया. एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने भी लोगों से अपील किया कि जितना जल्द हो सके जिले को खुले में शौच मुक्त घोषित करने में आप लोग अपना योगदान दें और प्रखंड को जल्द खुले में शौच से मुक्ति दिलाने का प्रयास करें.
इस अवसर पर पीपरडी पंचायत के मुखिया श्याम नारायण उरांव, रोहतासगढ़ पंचायत की मुखिया श्यामरति उरांव, नागेंद्र यादव, कामता यादव, मंच का संचालन कर रहे सुमेश उरांव, शिक्षक रमाकांत सिंह, एसडीएम पंकज पटेल, प्रखंड प्रमुख दिव्या भारती, उप प्रमुख श्रीकांत कुमार, डीएसपी अनवर जावेद, अभियान एसपी दुर्गेश कुमार, मुखिया संघ अध्यक्ष संतोष कुमार भोला, पूर्व मुखिया शौकत अली नियाजी, डॉक्टर राम लाल यादव, रिंकू खान के साथ-साथ सैकड़ों लोग मौजूद थे.
