सासाराम नगर : शहर में इन दिनों प्रशासन व अतिक्रमणकारियों के बीच लुका-छिपी का खेल चल रहा है़ प्रशासन पुराने जीटी रोड पर अभियान चलाता है, तो ठेलावाले रौजा रोड में घुस जाते है.
अगले दिन जब रौजा रोड में अभियान चलता है, तो ठेलावाले पुराने जीटी रोड पर काबिज हो जाते है. यही स्थिति पोस्टऑफिस चौक व धर्मशाला चौक की भी है. प्रशासनिक टीम एक माह से अतिक्रमण के विरुद्ध जगह-जगह अभियान चला रही है. लेकिन, अब तक एक इंच जमीन भी अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सकी है. शहर के सभी सड़कों की स्थिति बदतर है. इस चुका-छिपी के खेल से शहरवासी परेशान है.
अब बहुत हो चुका, होगी सख्त कार्रवाई : अनुमंडल पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने कहा कि एक माह से नगर पर्षद अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है. कार्रवाई का असर शहर में कहीं नहीं दिख रहा है. मुख्य सड़क पुराने जीटी रोड से लेकर शहर की अन्य सड़कों की स्थिति बदतर है. फुटपाथियों को जगह देने के बाद भी वह अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं.
यह भलीभांति समझते हैं कि इनके कारण शहर कि स्थिति दिनों-दिन बद्तर होती जा रही है. यह लोग समझते हैं कि सड़क पर ठेला लगाने से ही इनका समान बिकेगा. जबकि, फुटपाथियों के लिए सुरक्षित वेंडर जोन उपलब्ध करा दिया गया है. अब बहुत हो चुका, इनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. बड़े स्तर पर अभियान चला पुराने जीटी रोड, रौजा रोड व धर्मशाला रोड से अतिक्रमण हटाया जायेगा. अगले चरण में शहर की मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने की योजना है. इसके लिए डीएसपी को पुलिस बल मुहैया कराने के लिए कहा गया है.
