चंदतन शहीद पीर पहाड़ी के पास गड्ढे में डूब कर मरनेवाले चारों बच्चे इन्हीं दोनों गांवों के
करगहर : सासाराम के चंदतन शहीद पीर पहाड़ी के समीप पानी भरे गड्ढे में डूबने से रेहारी गांव के एक ही परिवार के तीन बच्चों व सेमरियां गांव के एक बच्चे की हुई मौत से दोनों गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. बच्चे व उनके माता भले ही वर्षों से सासाराम में रह कर दूध का व्यवसाय करते थे.
लेकिन, हमेशा उनके गांव में आना-जाना होता था. खासकर त्योहार के अवसर पर वे कभी गांव आना नहीं भुलते थे. गुरुवार को गांव के लोगों को जब इस घटना के बारे में पता चला, तो गांव के प्रत्येक घरों के लोग घटना की सच्चाई जानने के लिए एक-दूसरे के घर दौड़ लगाने लगे. दोनों गांव के सभी पुरुष जो अपने-अपने खेतों में रोपनी करा रहे थे, घटना के बारे में सुनते ही जिस हालात में थे, वैसे ही सासाराम के लिए चल दिये. बड़हरी पंचायत के सरपंच शिवजी सिंह यादव जो अपने पंचायत को ओडीएफ घोषित कराने बाद दूसरे पंचायतों में जाकर ओडीएफ के लिए लोगों को जागृत कर रहे थे.
अपने परिवार में इस तरह के हादसे की बात सुन कर वहीं बेहोश हो गये. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालते हुए उनके घर रेहारी पहुंचाया. चारों मृतक बच्चों में से एक उनके छोटे दो भतिजों व एक उनके सबसे बड़े भाई के लड़की का बेटा शामिल है. घटना के बाद इन गांवों में सावन में प्रत्येक शाम शिव मंदिर में होने वाले भजन कीर्तन को स्थगित कर दिया गया.
