डेहरी/अकोढ़ीगोला : दरिहट थाना क्षेत्र के मॉडिहा स्थित जय अर्जक इलेक्ट्रोल होमियो चिकित्सालय (लकवा अस्पताल) में घुसकर दो अपराधियों ने डाॅक्टर से 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की. शोर-शराबे के बाद अस्पलाल में पहुंचे ग्रामीणों ने एक अपराधी को पकड़ लिया. जबकि, दूसरा अपराधी पिस्टल चमकाते हुए फरार हो गया. ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वहीं, मौके से पुलिस ने एक काले रंग की पल्सर बाइक को जब्त किया है.
दोनों अपराधी शराब के नशे में थे. पुलिस फरार अपराधी पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष सियाराम सिंह ने बताया कि मॉडिहा निवासी डाॅ मनोज कुमार पंडित ने मौके से गिरफ्तार अपराधी बचरी (पीरो) निवासी बिक्रमा राय के बेटा पिंटू राय व मॉडिहा निवासी रामाकांत उपाध्याय पर अस्पताल में घुस कर गाली-गलौज व मारपीट करने, रंगदारी मागने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. गिरफ्तार अपराधी पिंटू की जांच करायी गयी जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है. उस पर शराब पीने की अलग से प्राथमिकी पुलिस ने दर्ज की है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पिंटू पर पीरो थाने में दो प्राथमिकी दर्ज है. वहीं फरार आरोपित का दरिहट थाने में ही अपराधिक रिकार्ड मौजूद है.
बोले डॉक्टर, 50 हजार रुपये की मांगी रंगदारी
पीड़ित डाॅक्टर ने बताया कि पिंटू अस्पताल के केबिन में घुस कर मेरा कॉलर पकड़ते हुए गाली देने लगा व कहने लगा कि अच्छा रुपया कमा रहे हो, तुम 50 हजार रुपये महीना टैक्स दो नहीं तो तुम्हें जान से मार देंगे. रुपये नहीं दोगे तो तुम्हारा शिक्षक बाप को पढ़ाने जाने के क्रम में जान से मार देंगे. मैं इस अपराधी को जानता पहचानता नहीं था. मैं अवाक था.
मैं किसी तरह से केबिन के बाहर निकला तो देखा कि दूसरा अपराधी रामाकांत उपाध्याय हाथों में पिस्टल लिये बाहर खड़ा है. मैं भागने की फिराक में था. इसी बीच अस्पताल के कर्मचारी घटना के बारे में गांव के लोगों को जानकारी दे दी थी. उसी दौरान अस्पताल में दर्जनों की संख्या में लोग जुट गये और एक अपराधी को पकड़ लिया. दूसरा अपराधी पिस्टल चमकाते हुए फरार हो गया.
