MLA Bhai Virendra: राष्ट्रीय जनता दल के विधायक भाई वीरेंद्र ने एक बार फिर पार्टी संगठन और बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर बयान दिया है. उनके बयान से सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो सकती है. विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि कुछ लोगों को पैसा कमाने की भूख है, उन लोगों का लक्षण सुधरने वाला नहीं है.
भाई वीरेंद्र ने यह भी कहा, जल्द ही कमेटी का गठन होगा और इसका फैसला पार्टी के नेता करेंगे. इससे पहले राजद के नेताओं के बीच खींचतान की खबर सामने आई थी. पार्टी के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और विधायक भाई वीरेंद्र के बीच कलह देखने के लिए मिली थी.
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता भाई वीरेंद्र ने संगठन की कार्यशैली और तेजस्वी यादव के आसपास रहने वाले कुछ नेताओं पर सवाल खड़े किए थे. उन्होंने कहा था कि चुनाव परिणामों की गंभीर समीक्षा होनी चाहिए और ऐसे लोगों को संगठन से हटाया जाना चाहिए, जिनकी वजह से पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है. उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन शक्ति यादव का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आने लगा.
भाई वीरेंद्र के इस बयान के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने पलटवार करते हुए उनसे सवाल किया था कि उन्होंने पार्टी के लिए क्या योगदान दिया है? इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई. ऐसे में आज फिर विधायक भाई वीरेंद्र ने कुछ नेताओं का जिक्र किया और तंज कसा.
तेजस्वी का समर्थन करते हुए सरकार पर कसा तंज
दूसरी तरफ तेजस्वी यादव की तरफ से सीवान में एके-47 और बिहार में अपराध के मुद्दे को उठाए जाने का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि बिहार में पत्रकार, किसान और आम आदमी कोई भी सुरक्षित नहीं है. उनके मुताबिक, राज्य में लगातार हत्या की घटनाएं हो रही हैं और सरकार सब कुछ देखते हुए भी चुप है.
भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि अपराध के मामलों में गिरफ्तारियां भी गंभीरता से नहीं हो रही हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से कई बार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की अपील की गई, क्योंकि जनता ने सरकार को सत्ता दी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है. लेकिन सरकार अपराध पर नियंत्रण करने में विफल साबित हुई है. इस तरह से भाई वीरेंद्र ने एक बार फिर सरकार को निशाने पर लिया.
