हाथीदह में टूट सकता है उच्चतम जलस्तर का रिकॉर्ड, 12 जिलों में हाई अलर्ट जारी, बिहार में अगले 3 दिन अहम

Bihar Floods: बिहार में गंगा का उफान लगातार बढ़ रहा है और पटना के पंडारक, दानापुर व बंकाघाट में पुराने रिकॉर्ड टूट गए हैं. कोसी का पानी भी बढ़ा है, जबकि कई जिलों में रिहायशी इलाकों तक पानी पहुंच गया है. अगले तीन दिन बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार के लिए खास अहम माने जा रहे हैं.

Bihar Floods: बिहार में गंगा का बढ़ता पानी अब पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ रहा है. रविवार को पटना के पंडारक, दानापुर और बंकाघाट में गंगा का जलस्तर पिछले सबसे ऊंचे रिकॉर्ड से ऊपर चला गया. वहीं कोसी और गंडक नदियों का पानी भी बढ़ रहा है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.

पंडारक में रविवार को गंगा का जलस्तर 43.92 मीटर दर्ज किया गया. यहां 2021 में सबसे ज्यादा जलस्तर 43.73 मीटर था. यानी इस बार पानी पुराने रिकॉर्ड से 0.19 मीटर ऊपर पहुंच गया.

दानापुर में गंगा का जलस्तर 52.63 मीटर दर्ज हुआ. 2021 में यहां सबसे ऊंचा जलस्तर 52.61 मीटर था. इस बार पानी 0.02 मीटर ऊपर पहुंच गया है.

बंकाघाट में गंगा 49.47 मीटर पर पहुंच गई. यहां 2021 में सबसे ज्यादा जलस्तर 49.44 मीटर दर्ज किया गया था. इस तरह इस जगह भी पुराना रिकॉर्ड टूट गया.

हाथीदह में भी टूट सकता है गंगा का पुराना रिकॉर्ड

हाथीदह में भी गंगा के जलस्तर को लेकर चिंता बढ़ गई है. संभावना है कि रविवार रात तक यहां नदी का पानी सबसे ऊंचे रिकॉर्ड यानी एचएफएल से ऊपर चला जाए.

कोसी-सीमांचल और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में नदियों का पानी तेजी से फैल रहा है. कोसी नदी में पानी का डिस्चार्ज बढ़ गया है, जबकि गंगा कई जगह खतरे के निशान से ऊपर बह रही है.

मुंगेर, लखीसराय और भागलपुर के कई रिहायशी इलाकों में भी पानी पहुंच गया है. भागलपुर में गंगा का जलस्तर 2021 के ऐतिहासिक रिकॉर्ड के काफी करीब पहुंच गया है.

एनएच-80 पर पानी चढ़ा, श्रीरामपुर का रिंग बांध टूटा

अकबरनगर के भवनाथपुर के पास एनएच-80 पर भी पानी चढ़ गया है. रविवार दोपहर अचानक पानी का दबाव बढ़ने के बाद श्रीरामपुर का रिंग बांध टूट गया. बांध टूटने के बाद श्रीरामपुर गांव चारों तरफ से पानी से घिर गया और गांव की स्थिति टापू जैसी हो गई.

12 जिलों में प्रशासन अलर्ट

जल संसाधन विभाग के मुताबिक मुंगेर और भागलपुर की तरफ गंगा का पानी तेजी से बढ़ रहा है. सरकार की ओर से राहत और बचाव का काम तेज कर दिया गया है. संवेदनशील जगहों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश के बाद गंगा किनारे के 12 जिलों में प्रशासन को अलर्ट रखा गया है. इनमें बक्सर, भोजपुर, पटना, वैशाली, सारण, बेगूसराय, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, भागलपुर और कटिहार शामिल हैं.

अगले 1 से 3 दिन इन जिलों के लिए अहम

जल संसाधन विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर सबसे ऊंचे स्तर को पार करने के बाद अब पानी का असर नीचे की ओर वाले इलाकों में ज्यादा दिखाई दे सकता है.

अगले एक से तीन दिनों तक हाथीदह और उसके बाद आने वाले जलमाप केंद्रों पर गंगा के पानी में बढ़ोतरी का असर दिख सकता है. इसी वजह से बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार के गंगा किनारे वाले इलाकों में खास सावधानी बरतने को कहा गया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

श्रीपालपुर में पुनपुन का पानी भी बढ़ा

पुनपुन नदी का पानी भी लगातार बढ़ रहा है. रविवार दोपहर 2 बजे पटना के श्रीपालपुर में पुनपुन का जलस्तर 53.45 मीटर दर्ज किया गया. शनिवार के मुकाबले इसमें 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है.

फिलहाल पुनपुन का पानी बढ़ने का सिलसिला जारी है. हालांकि श्रीपालपुर में पुनपुन का अब तक का सबसे ऊंचा जलस्तर 1976 में 53.91 मीटर दर्ज किया गया था.

सोन में पानी घटा, कोसी में बढ़ा

सोन नदी के इंद्रपुरी बराज से पानी छोड़े जाने की मात्रा में कमी आई है. रविवार सुबह 10 बजे यहां से 227717 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था. दोपहर 2 बजे यह घटकर 201092 क्यूसेक हो गया.

इसके उलट कोसी नदी के वीरपुर बराज से पानी का डिस्चार्ज बढ़ा है. सुबह 10 बजे यहां से 169225 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जो दोपहर 2 बजे बढ़कर 181145 क्यूसेक हो गया.

गंडक नदी के वाल्मीकिनगर बराज से रविवार सुबह 10 बजे 129000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. दोपहर 2 बजे तक यहां पानी का स्तर स्थिर रहा.

इसे भी पढ़ें: बाढ़ के कारण इस रूट पर चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द, घर से निकलने से पहले देखें सभी के नाम और नंबर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 4 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >