पटना के महावीर मंदिर में रात 2 बजे खुलेंगे कपाट, जानें दर्शन और नैवेद्यम की खास तैयारी

Ram Navami 2026: रामनवमी को लेकर पटना के महावीर मंदिर में तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं. इस बार 26 मार्च की रात 2 बजे मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे और सवा दो बजे तक हनुमान लला की जागरण आरती होगी. इसके बाद 27 मार्च की रात्रि आरती तक लगातार दर्शन और पूजा का सिलसिला जारी रहेगा. जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इंतजाम किए हैं.

Ram Navami 2026: पटना में रामनवमी के महापर्व को लेकर उत्साह चरम पर है. विश्व प्रसिद्ध महावीर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने अपनी कमर कस ली है. जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने खुद मंदिर परिसर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया.

मंदिर के कपाट 26 मार्च की रात 2 बजे ही खोल दिए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु सवा दो बजे होने वाली हनुमान लला की भव्य जागरण आरती का हिस्सा बन सकें. इसके बाद दर्शन और पूजन का सिलसिला 27 मार्च की रात्रि आरती तक अनवरत चलता रहेगा.

रात 2 बजे से शुरू होगा दर्शन का सिलसिला

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, 26 मार्च की देर रात 2 बजे कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का प्रवेश शुरू हो जाएगा. सवा दो बजे जागरण आरती के बाद भक्तों को पूजा, प्रसाद चढ़ाने और दर्शन का अवसर मिलेगा. यह सिलसिला पूरे दिन और रात तक जारी रहेगा, जिससे लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है.

रामनवमी की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और सीनियर एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने महावीर मंदिर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की. अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन के साथ बैठक कर कतार व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए.

धूप से बचाव के लिए खास इंतजाम

इस बार श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. वीर कुंवर सिंह पार्क से मंदिर परिसर तक बांस और लोहे की बैरिकेडिंग के साथ छायादार पंडाल बनाए जा रहे हैं. पूरे मार्ग में लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि रात के समय भी कोई परेशानी न हो.

18 हजार किलो नैवेद्यम और कई काउंटर

मंदिर प्रबंधन ने इस बार 18 हजार किलो नैवेद्यम तैयार करने की योजना बनाई है. खास बात यह है कि मंदिर के अंदर कोई नैवेद्यम काउंटर नहीं होगा. इसके बजाय मंदिर के बाहर और भक्त मार्ग पर करीब 15 विशेष काउंटर लगाए जाएंगे. इसके अलावा निजी दुकानदारों के 30 से ज्यादा स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लड्डू और मिठाइयां उपलब्ध होंगी.

सुरक्षा, मेडिकल और लाइव दर्शन की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं. सरकारी बल के साथ 100 से अधिक निजी सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे. इसके अलावा मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, पानी, शर्बत और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की गई है. मंदिर परिसर के बाहर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिससे दूर खड़े श्रद्धालु भी लाइव दर्शन कर सकेंगे.

Also Read: बिहार में आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने किया हमला, जमकर चली गोलियां, एक की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >