भवानीपुर. पूर्णिया-रूपौली एसएच-65 मुख्य मार्ग पर भवानीपुर बस स्टैंड के समीप बुधवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, रूपौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने सामने से जा रहे युवक को ठोकर मार दी. घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों के सहयोग से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घायल की पहचान नगर पंचायत भवानीपुर वार्ड संख्या 12 निवासी बेचन साह के 25 वर्षीय पुत्र रवि साह के रूप में हुई है. चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार एवं स्वास्थ्यकर्मी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि युवक के सिर और शरीर में चोट आयी है. फिलहाल प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. स्थिति में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जाएगा. इधर दुर्घटना के बाद बाइक चालक घटनास्थल पर बाइक छोड़कर दूसरे वाहन से परीक्षा दे रही छात्रा को परीक्षा दिलाने लेकर चला गया . सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना के अवर निरीक्षक उमेश शर्मा अस्पताल पहुंचकर घायल व्यक्ति से वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की और घटनास्थल से बाइक को जब्त कर थाना लाया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
भवानीपुर बस स्टैंड के पास बाइक की ठोकर से युवक घायल, चालक बाइक छोड़कर फरार
चालक बाइक छोड़कर फरार
