पूर्णिया. पूर्णिया के भवानीपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत कुशहा में बीती देर रात एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 18 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक युवक की पहचान कुशहा के निवासी वकील मंडल के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. मृतक दो भाई व तीन बहन में सबसे बड़ा था. जीएमसीएच पोस्टमार्टम पहुंचे मृतक के चाचा पारस कुमार मंडल के अनुसार अभिषेक अपने ही गांव में अपनी फुआ के घर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना तुरंत भवानीपुर थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रविवार की दोपहर में जीएमसीएच पूर्णिया भेजा. अचानक हुई इस अनहोनी से मृतक के घर में कोहराम मच गया है. माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, स्थानीय पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है.
फूआ से मिलने जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत से परिवार में मचा कोहराम
पूर्णिया के भवानीपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत कुशहा में बीती देर रात एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 18 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी.
