पूर्णिया. अस्मिता खेलों इंडिया महिला रोड साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन आगामी तीन जून को साइकिलिंग फेडरेशन एवं बिहार साइकिलिंग के निर्देश पर किया जाएगा. प्रतियोगिता कुल तीन केटेगरी में होगा.पहले केटेगरी में जिन महिलाओं का जन्म 2007 से पहले हुआ है या उनकी उम्र 19 और उससे ऊपर है, वे भाग ले सकती हैं. दूसरी केटेगरी में जूनियर बालिका होगी, जिनकी उम्र 17 से 18 साल हो या फिर जिनका जन्म 2008-2009 के बीच हुआ है. तीसरी केटेगरी में 13 से 16 साल या फिर जिनका जन्म 2010 से 2013 के बीच हुआ है, उन बालिकाओं को शामिल किया जाएगा. प्रतियोगिता क्रमशः 20 किलोमीटर, 15 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की होगी. यह प्रतियोगिता प्रत्येक वर्ष भारतीय खेल प्राधिकरण के निर्देश पर महिलाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उदेश्य से किया जाता रहा है. पूर्णिया में यह आयोजन दूसरी बार किया जायेगा. इसकी तैयारी के लिए संघ के सदस्यों द्वारा विद्यालयों में संपर्क किया जा रहा है. खेल पदाधिकारी, शिक्षा विभाग एवं शिक्षा परियोजना के द्वारा भी सभी विद्यालयों को पत्र जारी किया गया है. बिहार साइकिलिंग के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ आलोक कुमार और जिला अध्यक्ष नवीन सिंह द्वारा विजेता प्रतिभागियों को साइकिल एवं 100 प्रतिभागियों को टीशर्ट भी उपहार में देने की घोषणा की गयी है. पूर्णिया में साइकिलिंग में खिलाड़ियों की एक लंबी उपलब्धियां बनतीं जा रही है. बच्चे अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल हो एक अच्छा मुकाम हासिल कर रहे हैं. इसी कड़ी में बिहार खेल प्राधिकरण के द्वारा सात बच्चों को स्कॉलरशिप के लिए चयनित किया गया है. इसके तहत सभी को बड़ी रकम दी जायेगी.
पूर्णिया में दूसरी बार अस्मिता खेलों इंडिया महिला रोड साइकिलिंग तीन जून को
अस्मिता खेलों इंडिया
