बच्चा चोर की अफवाह में बुजुर्ग महिला को पीटा, पुलिस ने भीड़ से बचाया

पुलिस ने भीड़ से बचाया

भवानीपुर. थानाक्षेत्र के सोनदीप मिलिक पंचायत अंतर्गत भेलवा गांव में शुक्रवार की दोपहर बच्चा चोर की अफवाह के चलते बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आयी है. पंचायत के भेलवा गांव के वार्ड संख्या 10 शिव मंदिर के पास की घटना से गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, गांव में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चा चोरी की अफवाह फैलायी गयी थी. इसी दौरान गांव में मौजूद एक बुजुर्ग महिला पर संदेह जताते हुए कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी. महिला द्वारा सफाई देने के बावजूद भीड़ उग्र बनी रही. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उसे गांव के मुखिया मनोज सिंह के आवास पर ले जाया गया, जहां पूछताछ की गई. जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि महिला अपने एक परिजन के यहां आयी थी तथा बच्चा चोरी की घटना से उसका कोई संबंध नहीं है. पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष राज कुमार चौधरी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें. उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके. घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhishek bhaskar

अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >