PURNUA : यूजी परीक्षा के दौरान केंद्राधीक्षकों को आया कुलपति का वीडियो कॉल , वर्चुअल लिया परीक्षा का जायजा

समुचित परीक्षा संचालन को लेकर पूर्णिया विवि के कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह ने अनूठी पहल की है.

पूर्णिया से अभिषेक भास्कर की रिपोर्ट :

समुचित परीक्षा संचालन को लेकर पूर्णिया विवि के कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह ने अनूठी पहल की है. वर्तमान में चल रही यूजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बरतने के लिए उन्होंने वीडियो कॉल को माध्यम बनाया है. कुलपति प्रो.विवेकानंद सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं परीक्षा केंद्रों से जुड़कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए. उन्होंने विशेष रूप से उत्तर पुस्तिका में रोल नंबर, रोल कोड, रजिस्ट्रेशन नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण सही ढंग से भरवाने पर जोर दिया, ताकि छात्रों को परिणाम प्रकाशन या अन्य प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े. कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह ने सभी केंद्राधीक्षकों, प्राचार्यों एवं वीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा विद्यार्थियों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए. विवि मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्णिया विश्वविद्यालय के अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों में यूजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित हो रही है. परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की त्रुटि के कारण भविष्य में परेशानी न हो, इसे लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दो उड़नदस्ता टीमों का गठन कर अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया है. ये टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं, जिससे परीक्षा पूरी पारदर्शिता, अनुशासन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके. विश्वविद्यालय प्रशासन की इस सक्रियता से सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थित एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन सुनिश्चित हो रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >