प्रतिनिधि,जानकीनगर (पूर्णिया). जानकीनगर थाना क्षेत्र के लादूगढ़ पंचायत से हथियार के बल पर दो युवक का अपहरण कर पांच लाख फिरौती मांगने और नहीं देने पर जान से मार देने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है. इस घटना को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी सुबोध कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. मामले की जांच पड़ताल करवायी जा रही है. जानकीनगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष राजा राम ने बताया कि अपहरण मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है. प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. इधर, जानकीनगर थानाक्षेत्र के लादुगढ पंचायत के वार्ड नंबर 14 निवासी उपेंद्र शर्मा की पत्नी आशा देवी ने जानकीनगर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि आज से कुछ दिन पूर्व मेरा बेटा मिथिलेश कुमार उर्फ ललटु से मेरे गांव के ही राहुल कुमार और रवि यादव दोनों साकिन लादूगढ़ वार्ड नंबर 12 से विवाद हो गया था. इस विवाद को लेकर मेरे बेटे ललटु से बाइक छीन ली थी. बीते छह मार्च को करीब 10 बजे दिन में दोनों आरोपित एवं अज्ञात चार आदमी लाल रंग की कार से हथियार से लैस होकर आये और मेरे बेटे ललटु और उसके साथी शंभू शर्मा को अगवा कर लिया. बाद में मोबाइल पर फोन कर पांच लाख फिरौती मांगी. आरोपितों ने धमकी दी है कि अगर पांच लाख रुपये नहीं दिया तो जान से मार देंगे. इधर, घटना के बाद पुलिस छानबीन में जुट गयी है. संदिग्धों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और चिह्नित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
