सौभाग्य की कामना लिए डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य आज

सौभाग्य की कामना लिए डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य

परवान चढ़ी चैती छठ की आस्था, खरना के बाद समृद्धि के लिए रखा गया 36 घंटों का निर्जला व्रत उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ आज होगा चैती छठ के चार दिवसीय महापर्व का समापन पूर्णिया. चैती छठ की आस्था अब परवान चढ़ गई है. गुरुवार को छठव्रतियों ने मन में सौभाग्य की कामना लेकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया. शुक्रवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने और नमन करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा. इससे पहले बुधवार को व्रतियों ने खरना की पूजा की और इसके बाद परिवार की सुख समृद्धि के लिए 36 घंटों का निर्जला व्रत रखा. शुक्रवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण करेंगे. सूर्य उपासना के पर्व चैती छठ के तीसरे दिन गुरुवार को पहला अर्घ्य दिया गया. शाम के समय डूबते भगवान सूर्य को अधिक लोगों ने अपने घरों के छतों पर तो कुछ लोगों ने घाट के किनारे जल अर्पित किया. शहर के सिटी सौरा नदी घाट और पक्की तालाब से लेकर विभिन्न जलाशयों के किनारे श्रद्धालुओं ने अस्त होने वाले भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की. प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य के लिए यह पहला अर्घ्य दिया गया. महापौर विभा कुमारी एवं समाजसेवी जितेंद्र यादव ने गुरुवार को विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा-अर्चना कर भगवान भास्कर का आशीर्वाद लिया. इससे पूर्व गुरुवार को ही महापौर विभा कुमारी ने सिटी घाट, शिवनगर घाट, पक्की तालाब एवं ततमा टोली छठ घाट पर पहुंचकर चैती छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने छठ घाट पर साफ-सफाई, रौशनी आदि का निरीक्षण करते हुए तैयारी में जुटे कर्मियों को दिशा-निर्देश दिया.इधर, पूर्णिया के पंचमुखी मंदिर स्थित पक्की तलाब घाट पर गुरुवार शाम को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के प्रतिनिधि राजेश यादव ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर जिले की प्रगति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया के विकास के लिए देवताओं का आशीर्वाद मांगा और आमजन से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >