कसबा में वाहन जांच के दौरान 99.40 ग्राम स्मैक बरामद, टोटो सवार तीन युवक गिरफ्तार

पूर्णिया के कसबा में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान तीन युवकों को 99.40 ग्राम स्मैक, नकदी और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पूर्णिया, कसबा. वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर कसबा थाना पुलिस की ओर से अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार की शाम वाहन जांच के दौरान खगजाना मोड़ के पास पुलिस ने टोटो सवार तीन युवकों को 99.40 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया. आरोपितों के पास से 3,800 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.

वाहन जांच देखकर टोटो घुमाकर भागने का किया प्रयास

शुक्रवार को कसबा थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-2 कनिष्क श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4:20 बजे रतनसौत्ती चौक की ओर से एक उजले रंग का सीएनजी टोटो तेज रफ्तार से आ रहा था.

खगजाना मोड़ के पास कसबा पुलिस की वाहन जांच चल रही थी. पुलिस को देखकर टोटो चालक ने अचानक वाहन पीछे घुमाकर भागने का प्रयास किया. संदेह होने पर पुलिस बल ने पीछा कर टोटो को रोक लिया और उसमें सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया.

तलाशी में 99.40 ग्राम स्मैक और नकदी बरामद

पुलिस ने टोटो और उसमें सवार तीनों युवकों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान 99.40 ग्राम स्मैक, 3,800 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए. बरामद मादक पदार्थ को जब्त करने के बाद पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया.

तीनों आरोपित कसबा थाना क्षेत्र के रहने वाले

गिरफ्तार युवकों की पहचान तारानगर वार्ड संख्या 12 निवासी 22 वर्षीय जितेंद्र कुमार और 24 वर्षीय सिकंदर महतो तथा गेरुआ घाट वार्ड संख्या 01 निवासी 20 वर्षीय मसरीकुल के रूप में हुई है. तीनों कसबा थाना क्षेत्र, जिला पूर्णिया के निवासी बताए गए हैं.

स्मैक के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच

पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था.

इसके अलावा गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है. मामले में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

कसबा थाना कांड संख्या 395/26 दर्ज

मामले को लेकर कसबा थाना कांड संख्या 395/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है. मादक पदार्थों की तस्करी और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >