PURNIA मुआवजे में देरी पर रसेली घाट पुल का काम रोका, पहुंचे विधायक
पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड क्षेत्र के रसेली घाट पर निर्माणाधीन पुल के कार्य को मुआवजा में देरी के सवाल पर ग्रामीणों ने रोक दिया है.
अमौर (पूर्णिया) से सुनील कुमार की रिपोर्ट :
पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड क्षेत्र के रसेली घाट पर निर्माणाधीन पुल के कार्य को मुआवजा में देरी के सवाल पर ग्रामीणों ने रोक दिया है. इस बाधा को दूर करने के लिए स्थानीय विधायक सह एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया.इस दौरान उनके साथ ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता परवेज आलम, कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार और सहायक अभियंता दिनेश कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि पुल के निर्माण के लिए कुछ स्पैन निजी जमीन पर बनाए जा रहे हैं. भू-स्वामियों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण उन्हें अब तक जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिला है, जिसके चलते उन्होंने काम रोक दिया था. ग्रामीणों और जमीन मालिकों ने विधायक के सामने अपनी समस्या मजबूती से रखी.मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा रसेली और खारी पुल का निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. विभागीय देरी और मुआवजे के भुगतान में कोताही के कारण कार्य की गति धीमी रही है. आज अधिकारियों के साथ मिलकर इस समस्या का समाधान निकाल लिया गया है. उन्होंने कहा कि अंचलाधिकारी और राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी सभी हड़ताल पर चले जाने पर कार्य में देरी हुई है. अब सभी अधिकारी 4 मई से काम पर लौट रहे हैं. अब जल्द ही मुआवजा की राशि मिल जाएगी. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया जाएगा. विधायक ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले जितना संभव हो सके, काम में तेजी लाई जाए.