दो दिन की बारिश में ही झील में तब्दील हुई बनमनखी नगर की सड़कें, लोगों में आक्रोश

लगातार दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने बनमनखी नगर परिषद की सड़कों की स्थिति बद से बदतर कर दी है.

बनमनखी. लगातार दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने बनमनखी नगर परिषद की सड़कों की स्थिति बद से बदतर कर दी है. शहर के कई मुहल्लों में गंभीर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी है, इससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है. बस स्टैंड से सरस्वती टॉकिज होते हुए चकला व संग्रिला स्कूल जाने वाली सड़कें सबसे अधिक प्रभावित हैं. इन इलाकों में सड़कें पूरी तरह पानी में डूबी हुई हैं और किसी झील का रूप ले चुकी हैं. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मामूली बारिश में भी पानी जमा हो जाता है, जिससे स्थिति और विकट हो जाती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद द्वारा नियमित रूप से नालों की सफाई नहीं करायी जाती. कई जगहों पर नाले जाम पड़े हैं, जबकि जहां नाले बने हैं, वहां उनका ड्रेनेज सिस्टम से सही तरीके से जुड़ाव नहीं है. इस कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती और सड़कें जलमग्न हो जाती हैं. बस स्टैंड, सरस्वती सिनेमा हॉल, संग्रिला स्कूल व धोकरधारा हनुमान मंदिर के आसपास हालात और भी नारकीय है. जलजमाव के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है. खासकर महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्कूल जाने वाले बच्चे कई बार पानी में गिरकर चोटिल हो रहे हैं. वहीं, सड़कों पर पानी भरे रहने से वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है. इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है. मोहल्लेवासी ज्ञानप्रकाश, गुड्डू चौधरी, अक्षय कुमार, शिव शंकर तिवारी, अनिल चौधरी ने बताया कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है. फिलहाल, बनमनखी के लोग बारिश के बीच जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं. नाला निर्माण का हो गया टेंडर : कार्यपालक पदाधिकारी बनमनखी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी आदित्य कुमार ने बताया कि जहां-जहां जलजमाव की समस्या है, वहां शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने बताया कि स्थायी समाधान की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है और नाला निर्माण का टेंडर हो चुका है. ताकि भविष्य में लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Abhishek Bhaskar is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >