सांसद ने आर्थिक मदद कर अग्निपीड़ित परिवारों के पोछे आंसू

भवानीपुर प्रखंड

पूर्णिया. जिले के भवानीपुर प्रखंड अंतर्गत लाठी पंचायत के रायपुरा गांव, चमनी टोला वार्ड नं.-03 में बीते दिनों आग की एक भयावह घटना ने दर्जन भर गरीब परिवारों की ज़िंदगी को गहरे संकट में डाल दिया. इस अगलगी में जहां लोगों के आशियाना, अनाज, वस्त्र और रोजमर्रा की ज़रूरतें जलकर राख हो गयी थी. वहीं आमोद मंडल के 5 वर्षीय पुत्र ऋषव कुमार की झुलसने से दर्दनाक मौत हो गयी थी. इस पीड़ा की घड़ी में पीड़ित परिवारों का दुःख साझा करने एवं ढांढस बंधाने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गांव पहुंचे जहां मृतक ऋषव के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह केवल एक परिवार की नहीं, पूरे समाज की क्षति है. पीड़ित परिवारों की आंखों में आंसू, चेहरे पर ग़म और मन में असहायता देखकर सांसद खुद भी भावुक हो उठे. सांसद पप्पू यादव ने तत्काल राहत के रूप में प्रत्येक प्रभावित परिवार को एक बोरा चावल, सूखा राशन (चूड़ा, दाल, नमक, चीनी, मसाले, तेल, आलू, प्याज, दालमोट), साड़ी और लुंगी प्रदान किया. साथ ही यथासंभव नकद आर्थिक सहायता भी दी गई, ताकि वे इस संकट की घड़ी में अपनी प्राथमिक ज़रूरतें पूरी कर सकें.इस दौरान सांसद पप्पू यादव ने धमदाहा के अनुमंडल पदाधिकारी और भवानीपुर अंचलाधिकारी से फोन पर बात कर सभी प्रभावित परिवारों को अविलंब सरकारी मुआवज़ा दिलाने की मांग की. उन्होंने राज्य सरकार से अपील की है कि सभी पीड़ितों को इंदिरा आवास योजना के तहत घर, ₹50,000 की आपात सहायता राशि तथा दो माह का मुफ्त राशन तुरंत उपलब्ध करायी जाये. उन्होंने सरकार से यह भी मांग की कि इस क्षेत्र को आपदा-प्रवण मानते हुए फायर स्टेशन की स्थापना की जाए, जिससे ऐसी घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण पाया जा सके.पीड़ित परिवारों में बिलाश मंडल, प्रमोद मंडल, आमोद मंडल, सुशील मंडल, अमीरचंद मंडल और राजेश मंडल शामिल हैं. सांसद पप्पू यादव ने आश्वासन दिया कि इन परिवारों की पुनर्वास की लड़ाई वे विधानसभा से लेकर संसद तक लड़ेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >