अक्षय तृतीया को ले बाजार सजकर तैयार, कारोबारियों को है धनवर्षा के आसार

कारोबारियों को है धनवर्षा के आसार

बढ़ने गयी है सर्राफा बाजार की रौनक, कई नामी ज्वैलरी शोरूम ने दे रखे हैं ऑफर

सर्राफा व्यापारी रख रहे ग्राहकों की पसंद का ख्याल, अच्छा कारोबार होने की उम्मीद

पूर्णिया. अक्षय तृतीया, ऐसा दिन जब बिना किसी मुहूर्त के देखे ही कोई शुभ कार्य किया जा सकता है. ऐसा माना जाता है कि इस दिन खरीदारी करना बहुत ही शुभ होता है और इसका फल कई गुना तक मिलता है. यही कारण है कि अक्षय तृतीया पर बाजार में जमकर खरीदारी होती है. इस बार 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया है. अक्षय तृतीया के लिए पूर्णिया के बाजार सजकर तैयार है. खास कर सर्राफा बाजार में ज्यादा रौनक है जबकि इलेक्ट्रानिक और आटोमोबाइल सेक्टर में भी तैयारी है. लोगों ने पहले से शादी-ब्याह की तैयारी से लेकर गृह प्रवेश, नयी कार व बाइक की डिलीवरी और आभूषणों की खरीदारी के लिए एडवांस बुकिंग भी करा रखी है. अलबत्ता,कारोबारियों को भी इस साल धन वर्षा की आस है. इसके लिए सर्राफा बाजार में कई जगह अलग-अलग ऑफर भी दिए गये हैं.

गौरतलब है कि ज्वेलरी की खरीदारी के लिये अक्षय तृतीया का दिन काफी शुभ माना जाता है. इस दिन ज्वेलरी खरीदने की परंपरा रही है. धनतेरस और दिवाली के बाद ज्वेलरी की सबसे अधिक बिक्री अक्षय तृतीया को ही होती है. इस बार भी अक्षय तृतीया पर सर्राफा बाजार ने कारोबार को लेकर तैयारी की है. सर्राफा दुकानों में विभिन्न प्रकार की ज्वेलरी का डिस्पले किया गया है. खासकर हलके वजन वाली ज्वेलरी की विभिन्न वेराइटी विशेष रूप से रखी गयी है. ग्राहकों को लुभाने के लिए नए डिजाइन के जेवरों की रेंज उतारी गई है.इस दिन को खास बनाने के लिए ज्वेलर्स एक से बढ़कर एक आकर्षक ऑफर और छूट दे रहे हैं. सोने की कीमत अधिक होने के कारण कम वजन के ज्वेलरी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है.

मेकिंग चार्ज पर दी जा रही विशेष छूट

ज्वेलरी के बाजार में तनिष्क अक्षय तृतीया पर स्पेशल डिस्काउंट आफर लेकर उतरा है. शहर के लाइन बाजार स्थित तनिष्क शोरूम में अक्षय तृतीया पर सोने के आभूषण की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को मेकिंग चार्ज पर 20 प्रतिशत तक का भारी छूट दी जा रही है जबकि डायमंड ज्वेलरी के मूल्य पर ही 20 प्रतिशत तक का डिस्काउंट मिल रहा है. सर्राफा कारोबारी रतन स्वर्णकार एवं सुनील स्वर्णकार ने बताया कि काफी दिनों से लोग लाइट वेट और माडर्न ज्वेलरी की डिमांड कर रहे थे, इसको ध्यान में रखते हुए लाइट वेट ज्वेलरी का नया कलेक्शन लांच किया गया है. जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं.

एक हफ्ते से एडवांस बुकिंग

शहर के सर्राफा कारोबारियों ने बताया कि अक्षय तृतीया को लेकर पिछले एक हफ्ते से एडवांस बुकिंग चल रही है. कारोबारियों के मुताबिक ग्राहकों ने अपनी मनपसंद डिजाइन के गहनों का आर्डर दिया था जो बन कर तैयार हैं. बुधवार 30 अप्रैल को अक्षय तूतीया के दिन वे पेमेंट कर डिलेवरी लेने आएंगे. कई कारोबारियों और कंपनियों द्वारा भी ग्राहकों को उनकी पसंद के डिजाइन की सुविधा दी जा रही है.

—————————

ज्वेलरी बाजार जा रहे हैं तो जल्दबाजी न करें, शुद्धता परखिये…

अक्षय तृतीया पर आप अगर ज्वेलरी बाजार जा रहे हैं तो जल्दबाजी न करें. पहले सोने की शुद्धता को परख लीजिये फिर खरीदारी कीजिए. याद रहे कि सोने से बनी ज्वेलरी में हॉलमार्किंग अनिवार्य माना गया है. अगर आप हॉलमार्क वाले सोने के गहने खरीदेंगे तो ठगे जाने से बच सकते हैं. सोने की ज्वेलरी की शुद्धता से संबंधित हॉलमार्क से जुड़े पांच तरह के निशान बताये गये हैं. अगर 22 कैरेट की ज्वेलरी होगी तो उसमें 916 अंकित होगा. इसी तरह 21 कैरेट की ज्वेलरी पर 875 और 18 कैरेट की ज्वेलरी पर 750 तथा 14 कैरेट की ज्वेलरी पर 585 लिखा होता है. इस निशान को देख कर आप तुरंत पहचान कर पाएंगे कि जो ज्वेलरी खरीद रहे हैं वह कितने कैरेट की है और किस हद तक शुद्ध है. याद रखिये, हॉलमार्क पर भारतीय मानक ब्यूरो का तिकोना निशान होता है जो सोने की कैरेट की शुद्धता के निशान के बगल में होता है. इसमें निर्माण का वर्ष और उत्पादक का लोगो भी रहता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >