Purnia News: पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र में टेम्पो चोरी के मामले में पुलिस को सफलता मिली है. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया वाहन बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है.
दरवाजे से चोरी हुआ था टेम्पो
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि अमौर थाना क्षेत्र के छपैरेली वार्ड संख्या-1 निवासी मो. बिलाल आलम ने थाने में लिखित आवेदन देकर टेम्पो चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी. आवेदन के अनुसार, 11 मई की रात करीब 9:30 बजे उन्होंने अपना टेम्पो घर के दरवाजे पर खड़ा किया था. रात करीब 12 बजे उठने पर वाहन वहां नहीं मिला.
खोजबीन के बाद दर्ज कराया मामला
पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन वाहन का कोई पता नहीं चला. इसके बाद उन्होंने अमौर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर अमौर थाना कांड संख्या 221/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी.
जांच के दौरान आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच के क्रम में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. शाहनवाज अंसारी, निवासी लाइन बाजार, वार्ड संख्या-27, थाना सहायक खजांची, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है.
चोरी गया वाहन भी बरामद
Purnia News: पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी गया टेम्पो भी बरामद कर लिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. मामले में अन्य बिंदुओं की भी जांच जारी है.
