जलसा कार्यक्रम
पूर्णिया. शनिवार की देर रात्रि सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव हरदा बाजार स्थित हिफजुल कुरआन मदरसा में आयोजित जलसा कार्यक्रम में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में इस्लामिक शिक्षा, समाज में भाईचारे और नैतिक मूल्यों के महत्व पर चर्चा हुई. उन्होने कहा कि मदरसे में तालीम हासिल कर रहे बच्चों की लगन और उत्साह देखकर हृदय प्रसन्न हो गया. शिक्षा, विशेष रूप से धार्मिक और नैतिक शिक्षा, समाज को सही दिशा में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. उन्होंने जलसा में शामिल सभी सम्मानित उलेमा, शिक्षक और स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. वहीं पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत छतिया गांव स्थित जामिया मेराजुल उलूम मदरसा में देर रात्रि आयोजित जलसा व दस्तारबंदी कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों से मुलाकात की और जलसा को संबोधित किया. इस अवसर पर हिफ्ज़-ए-कुरआन की तालीम पूरी करने वाले नौनिहालों को दस्तार (पगड़ी) पहनाकर सम्मानित किया गया. यह पल उनके कठिन परिश्रम और इस्लामी तालीम के प्रति उनकी निष्ठा का प्रतीक है. शिक्षा और विशेष रूप से धार्मिक तालीम समाज को एक नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाती है. सांसद प्रतिनिधि अफरोज आलम, प्रमुख जियाउल हक, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, पूर्व उप प्रमुख मो हबीब, कुनाल चौधरी,करण यादव आदि मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
