भवानीपुर(पूर्णिया). भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में बीते रविवार को आयी तेज आंधी और बारिश ने किसानों की बचीखुची फसल को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है. लगातार दूसरी बार प्राकृतिक आपदा ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया, जिससे वे गहरे सदमे और हताशा में हैं. कुछ दिन पहले आयी आंधी से पहले ही फसलों को भारी क्षति हुई थी. किसानों को उम्मीद थी कि बची हुई फसल से कुछ राहत मिल जायेगी, लेकिन रविवार की तेज हवा और बारिश ने उसे भी पूरी तरह बर्बाद कर दिया. अब किसान अपने भविष्य को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं. किसानों का कहना है कि महंगे बीज, खाद और सिंचाई पर भारी खर्च करने के बावजूद उन्हें कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है. प्राकृतिक आपदाएं लगातार उनकी मेहनत पर पानी फेर रही हैं. किसान मजबूरी में खेती पर ही निर्भर हैं और उनके पास आय का कोई वैकल्पिक साधन नहीं है. सोनदीप पंचायत के मुखिया मनोज कुमार सिंह, डुमरा के पूर्व मुखिया अमित कुमार सिंह, प्रोफेसर वीर नारायण यादव, डॉ. शिवनारायण सिंह यादव, मुखिया सागर आलीम, डॉ. ब्रह्मदेव यादव सहित कई किसानों ने बताया कि उन्होंने बड़ी मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन अचानक आयी आपदा ने सब कुछ बर्बाद कर दिया. किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें.
चंद रोज में आंधी-बारिश से दूसरी बार पड़ी फसलों पर मार, किसानों में मचा हाहाकार
भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में बीते रविवार को आयी तेज आंधी और बारिश ने किसानों की बचीखुची फसल को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है.
