एक ही परिसर में शुरू हुए अत्याधुनिक यातायात व साइबर थाना, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

पूर्णिया के लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है. आम लोगों को त्वरित न्याय, सुगम यातायात प्रबंधन और साइबर अपराधों से सुरक्षा देने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए एक ही परिसर में अत्याधुनिक यातायात थाना व साइबर थाना की शुरूआत की है.

आइजी और एसपी ने संयुक्त रूप से किये नये यातायात व साइबर थाने का उद्घाटन

पूर्णिया. पूर्णिया के लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है. आम लोगों को त्वरित न्याय, सुगम यातायात प्रबंधन और साइबर अपराधों से सुरक्षा देने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए एक ही परिसर में अत्याधुनिक यातायात थाना व साइबर थाना की शुरूआत की है. बुधवार को केहाट थाना के समीप नवनिर्मित भवन का उद्घाटन पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद व एसपी स्वीटी सहरावत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने कहा कि यह पहल आम जनता की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर की गयी है. अत्याधुनिक संसाधनों और तकनीकी सुविधाओं से लैस इन दोनों थानों के संचालन में अपराध नियंत्रण व्यवस्था और मजबूत होगी. नये भवन में साइबर थाना खुल जाने से ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया क्राइम और वित्तीय साइबर अपराधों के शिकार लोगों को अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा. साइबर थाने में मामलों का तेजी से निबटारा होगा. वहीं शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने, जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात थाना पूरी मुस्तैदी से काम करेगा. एक ही परिसर में दोनों थानों के होने से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और आमलोगों को अपनी शिकायतों के निवारण के लिए अलग-अलग जगहों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे.

परिसर में किया गया पौधरोपण

उद्घाटन के बाद आइजी व एसपी ने नवनिर्मित थानों का निरीक्षण किया. इसके बाद परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण बचाव का संदेश दिया. इस दौरान अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने भी पौधे लगाये. अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ कानून व्यवस्था संभालना ही नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाना भी है. इस मौके पर यातायात पुलिस उपाधीक्षक कौशल किशोर कमल, साइबर क्राइम के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष चंदन कुमार ठाकुर, सदर पुलिस उपाधीक्षक ज्योति रंजन समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

बोले आइजी

इस नये और अत्याधुनिक भवन के क्रियाशील होने से आम जनता को पुलिसिंग से जुड़ी सेवाएं पाने में सहूलियत होगी. साइबर अपराध के दौर में यह साइबर थाना युवाओं और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने में मील का पत्थर साबित होगा.

विवेकानंद, आइजी, पूर्णिया प्रक्षेत्र.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

ARUN KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >