पूर्णिया. पूर्णिया सदर थानाक्षेत्र के अंतर्गत दमका चौक के समीप बीती शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है. इस मारपीट में एक पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गये हैं. सभी घायलों को पूर्णिया के जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. जानकारी के मुताबिक, गुलाबबाग क्षेत्र के दमका चौक के नजदीक एक जमीन के टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है. इसी विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से मारपीट शुरू हो गयी. इस हिंसक झड़प में एक ही पक्ष के करीब छह लोग बुरी तरह घायल हो गये. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जीएमसीएच पूर्णिया ले जाया गया. घायल जलील अंसारी ने बताया कि करीब 800 वर्ग की जमीन की टुकड़े को लेकर विवाद हुआ है. आरोपितों ने अपने परिवार के साथ मिलकर लाठी, डंडे, दबिया व कचिया से हमला करना शुरू कर दिया. घायलों में जलील अंसारी, अफाक अंसारी, फराना बेगम, दिलशाद अंसारी व रफ्तेज अंसारी शामिल हैं.
गुलाबबाग में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प, आधा दर्जन लोग घायल
पूर्णिया सदर थानाक्षेत्र के अंतर्गत दमका चौक के समीप बीती शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है.
